लाखों के टायर चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, गुजरात के निकले आरोपी

nagda Tyre chori

नागदा जं., अग्निपथ। 9 सितम्बर की रात्रि में स्टेट हाईवे 17 पर स्थित एक टायर की दुकान पर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकडऩे में नागदा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने इस बड़ी तथा अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की गई घटना का खुलासा होने से क्षेत्र के व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास और भी पुख्ता हुआ है। वैसे बीते दिनों में पुलिस प्रशासन द्वारा कई अंधे कत्लों का खुलासा एवं बड़ी वारदाताओं का खुलासा किया है। मामले के खुलासे में सीएसपी मनोज रत्नाकर एवं थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा एवं टीम की अहम भूमिका रही है।

मामले का खुलासा करते हुए सीएसपी श्री रत्नाकर, थाना प्रभारी श्री शर्मा ने बताया कि फरियादी विजय पिता अमृलाल संघवी निवासी गांधीग्राम कॉलोनी नागदा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि बायपास पर ग्राम रतन्याखेड़ी चौराहे पर नवकार टॉयर एण्ड लुब्रिकेन्ट के नाम से दुकान है। 9 सितम्बर की रात्रि को दुकान पर ताला लगाकर गया था अगले दिन सुबह जब दुकान पर पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे हुए थे तथा 4-5 लाख रुपये के ट्रक, ट्रैक्टर एवं कार के टायर चोरी चले गए थे। मामले में मण्डी थाने पर अपराध क्रमांक 702/21 धारा 457, 380 भादवि में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

पुलिस टीम तत्काल फरियादी की एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे देखने तथा पर एक आयशर ट्रक रात्रि 1 बजे दुकान के आसपास देखी गई, दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दो युवक आयशर में से उतरकर दुकान में घुसते हुए दिखाई दिए तथा युवकों ने दुकान के बाहर लगी लाईट को पत्थर से तोड़ कर दुकान के तालों को चटका कर टायर आदि चोरी किए तथा जावरा की तरफ भाग गए।

Tyre chori Shop cctv footage
टायर दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए चोर।

नागदा पुलिस ने होटल ढाबों में लगे सीसीटीवी फुटेज बहुत ही सूक्ष्मता व धैर्यपूर्वक देखे, जिसके परिणाम स्वरूप महाकाली ढाबा बिरियाखेड़ी के सीसीटीवी में घटनास्थाल पर आये चोरों का आयशर ट्रक जावरा की तरफ से आकर ढाबे के एक कोने में जाकर खड़ा हुआ और कुछ देर बाद उसमें से अलग-अलग चार लोग उतरते हुए ढाबे में आये और खाना खाया, सीसीटीवी कैमरे में चारों के चेहरे व हुलिया स्पष्ट दिखाई दे रहा था। तब पुलिस ने मुखबिरों को वारदात की जानकारी देने पर पता चला कि इस प्रकार की घटना गुजरात के चोरों द्वारा अंजाम दी जाती है।

विभिन्न स्थानों पर टीम ने की आरोपियों की तलाश

संदेही आरोपियों की तलाश हेतु रतलाम, बडावदा व जावरा में पुलिस टीम को भेजा गया, जहां विभिन्न स्थानों पर आरोपीयों की जानकारी ली गई। मुखबिरों ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद तस्दीक किया कि उक्त आरोपियों में पतला सा लडक़ा शेख शहनवाज उर्फ यूपी पिता युनुस शेख सैय्यद तथा सफेद चेक शर्ट पहने हल्का लंगडा चलता व्यक्ति इरफान उर्फ शत्रु निवासी गोधरा है तथा काली शर्ट पहने मोहम्मद अली उर्फ मुस्ताक अली सैय्यद निवासी गोधरा तथा सफेद शर्ट पहने सांवला सा व्यक्ति अरबाज मंसूरी है। जो चोरी किए गए माल का सौदा करते हैं।

पुलिस को ज्ञात हुआ कि इस प्रकार उक्त गैंग द्वारा थाना पल्सुद जिला बडवानी में टायर चोरी की है, जिला बडवानी के थाना पल्सुद से संपर्क करने जानकारी ली गई तो वहांं माह अगस्त में आयशर ट्रक से आये चोरों ने टार चोरी कर ले गए। जिसमें पल्सुद की पुलिस द्वारा उवेश हुसैन पिता अब्दुल रउफ निवासी जहुजपुरा सब्जी मन्डी गोधरा को गिरफ्तार किया था जो कि जमानत पर बाहर था।

सीसीटीवी फुटेज देखने पर क्लीयर हो गया कि चोरी करने वाली गैंग वही है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गोधरा भेजी गई। 6 अक्टूबर को पुलिस टीम आरोपियों की तलाश हेतु गोधरा रवाना हुई। 9 को संदेही आरोपी उवैश हुसैन के आने की सूचना लगते ही नागदा पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर क्राईम ब्रांच ऑफिस गोधरा लाकर पूछताछ करते हुए जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी उवैश हुसैन जाति घासी मुसलमान उम्र 21 साल निवासी जहुरपुरा जामा मस्जिद के पीछे वाली गली को गिरफ्तार किया गया तथा 10 अक्टूबर को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया जो 18 तक का न्यायालय द्वारा स्वीकृत किया गया था।

पुलिस ने उवेश हुसैन पिता अब्दुल रउफ समोल जाति घासी उम्र 21 साल निवासी जहुरपुरा जामा मस्जिद के पीछे वाली गली थाना बी डिवीजन गोधरा को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने वाले 6 आरोपी अभी भी फरार है जिसमें शेख शहनवाज, इरफान, सुलेमान, मोहम्मद अली, अरबाज मंसुरी, मुश्ताक सभी निवासी गोधरा अभी भी फरार है।

इनकी रही सराहनिय भूमिका

आरोपियों की धरपकड़ एवं माल की बरामदगी में एएसपी श्री भूरिया, सीएसपी श्री रत्नाकर, टीआई श्री शर्मा के अलावा उनि राजेश कलमी, सउनि सुरेश सोनगरा, प्र.आ. दिनेश गुर्जर, आरक्षक ईश्वर परिहार, मनोहर मोहरी, हरिओम, प्र.आ. सुनील बैस, सोमसिंह, आरक्षक सुखदेव, के अलावा सायबर सेल के उनि प्रतिक यादव, प्र.आर. राजपालसिंह, प्रेमसिंह की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खबर का असर: मोहन नगर तिराहे की मल्टी की परमिशन रद्द

Tue Oct 19 , 2021
सिंहस्थ आरक्षित भूमि पर बने भवन के मामले में कार्रवाई, अनुमति देने वालों पर भी गिरेगी गाज उज्जैन, अग्निपथ। मोहन नगर तिराहे पर माता मंदिर के ठीक सामने बन रही तीन मंजिला बिल्डिंग की परमिशन नगर निगम ने रद्द कर दी है। यह बिल्डिंग जिस जमीन पर बन रही थी […]
Mohan nagar building permission canceled

Breaking News