शादी से पहले खौफनाक साजिश: शाजापुर में पुराने मंगेतर ने मचाया तांडव, दूल्हे की फसल रौंदी और मांगी 3 तोला सोने की रंगदारी

mahila thane me police station women

शाजापुर, अग्निपथ। जिले में एक शादी की शहनाइयों के गूंजने से पहले ही साजिश और आतंक का ऐसा खेल शुरू हुआ जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। आगामी 27 अप्रैल को होने वाले एक विवाह में पुराने मंगेतर ने किसी फिल्मी विलेन की तरह एंट्री मारी है। आरोपी की सनक का आलम यह है कि उसने न सिर्फ नए दूल्हे के खेत में घुसकर खून-पसीने से सींची गई प्याज की फसल को तहस-नहस कर दिया, बल्कि शादी तोड़ने के बदले सोने-चांदी और भारी नकदी की फिरौती भी मांग ली।

इस पूरे हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच पीड़ित दुल्हन भी इंसाफ की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची। जहां उसने अपने ही सगे परिजनों पर संपत्ति हड़पने और जबरन शादी का दबाव बनाने के ऐसे आरोप लगाए, जिसने मामले को और भी पेचीदा और दर्दनाक बना दिया है।

खेत में दी खौफनाक धमकी: ‘मांग पूरी नहीं की तो घर जला दूंगा’

लालघाटी थाना पुलिस के मुताबिक, पिपलिया गुर्जर निवासी 23 वर्षीय मनीष पिता ईश्वरसिंह गुर्जर की शादी 27 अप्रैल को तय हुई है। मनीष ने थाने में दर्ज अपनी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती सुनाई। 13 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे, जब मनीष अपने पिता के साथ खेत में सिंचाई कर रहा था, तभी मालीखेड़ी निवासी रविंद्र पिता ओमप्रकाश गुर्जर वहां आ धमका।

रविंद्र ने दावा किया कि जिस युवती से मनीष की शादी हो रही है, उससे उसकी सगाई पहले ही हो चुकी थी। गुस्से में पागल रविंद्र ने खेत में लगी प्याज की फसल को बुरी तरह बर्बाद कर दिया और मनीष पर शादी तोड़ने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, उसने ‘हर्जाने’ के तौर पर तीन तोला सोने का हार, डेढ़ किलो चांदी और 50 हजार रुपये नकद की मांग की। आरोपी ने साफ कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वह घर में आग लगा देगा और पूरे परिवार को खत्म कर देगा। पुलिस ने बुधवार रात आरोपी रविंद्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अनाथ युवती का दर्द: क्लेम के 10 लाख और 20 बीघा जमीन पर अपनों की टेढ़ी नजर

इस ड्रामे का दूसरा पहलू और भी ज्यादा झकझोर देने वाला है। मनीष की होने वाली दुल्हन न्याय की गुहार लेकर खुद एसपी ऑफिस पहुंची। अवंतीपुर बड़ोदिया थाना क्षेत्र की रहने वाली इस युवती ने बताया कि साल 2015 में मां और 2017 में पिता के निधन के बाद वह अनाथ हो गई थी। तब से उसके चाचा-चाची (काका-काकी) ने उसे अपने पास रखा।

युवती का गंभीर आरोप है कि उसके परिजनों ने उसके पिता के एक्सीडेंट क्लेम के 10 लाख रुपये, 18-20 बीघा पुश्तैनी जमीन, मकान और सारे जेवरात हड़प लिए हैं। बचपन में ही उसकी सगाई चाची के भांजे रविंद्र से कर दी गई थी, जो अब इस पूरे फसाद की जड़ बना हुआ है।

00000

शादीशुदा है आरोपी, विरोध करने पर बेघर हुई बेसहारा युवती

युवती ने एसपी के सामने खुलासा किया कि अब उस पर उसी रविंद्र से जबरन शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि रविंद्र पहले से ही शादीशुदा है और उसकी दूसरी पत्नी है। जब युवती ने इस बेमेल रिश्ते और संपत्ति हड़पने का विरोध किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। बेसहारा युवती ने अब पुलिस से अपनी सुरक्षा, पुश्तैनी संपत्ति वापस दिलाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल लालघाटी और अवंतीपुर बड़ोदिया पुलिस दोनों ही मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।

00000

Next Post

मध्य प्रदेश में गिरफ्तारी के नियम बदले: अब पुलिस को लिखित में देना होगा कारण

Thu Apr 16 , 2026
सिर्फ बोलकर गिरफ्तार करना होगा अवैध भोपाल, अग्निपथ। मध्य प्रदेश में अब पुलिस किसी भी व्यक्ति को अपनी मर्जी से या केवल बोलकर हिरासत में नहीं ले सकेगी। प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने एक बड़ा फैसला लेते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। […]

Breaking News