सुसनेर के ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगी आग से दो दिन तक परेशान रहे शहरवासी, कचरा प्रबंधन की खुली पोल

आग

सुसनेर, अग्निपथ। डग रोड स्थित नगर परिषद के कचरा संग्रहण स्थल पर लगी आग और उससे उठने वाले जहरीले धुएं ने दो दिनों तक शहरवासियों को बेहाल कर दिया। गुरुवार देर रात करीब 10 बजे डाक बंगला क्षेत्र, आगर रोड और मंडी गेट समेत नगर के कई हिस्सों में धुआं फैलने से लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया।

दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का दावा किया था, लेकिन इसके बावजूद अगले दो दिनों तक कचरे के ढेरों से लगातार धुआं उठता रहा, जिसने नगर परिषद की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बाउंड्रीवाल का अभाव और मवेशियों पर मंडराता खतरा

मौके का जायजा लेने पर सामने आया कि कचरा संग्रहण स्थल पर सुरक्षा के नाम पर बाउंड्रीवाल तक नहीं है। इस बड़ी लापरवाही के चलते निराश्रित गोवंश और अन्य मवेशी आसानी से कचरे के ढेर तक पहुंच जाते हैं और हानिकारक पॉलिथीन व गंदगी खाते हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो रहा है। इसके अलावा, हवा के झोंकों से हल्का कचरा और पॉलिथीन उड़कर वापस शहर की ओर पहुंचते हैं, जिससे वायु प्रदूषण और गंदगी फैल रही है।

आग बुझा दी तो दो दिनों तक धुआं क्यों

इस पूरे मामले में नगर परिषद सीएमओ हरिओम शर्मा ने सफाई देते हुए बताया कि त्योहारों के कारण कर्मचारी अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त हो गए थे, इसी दौरान किसी असामाजिक तत्व ने कचरे में आग लगा दी। उन्होंने अब ट्रेंचिंग ग्राउंड में पुनः कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और आग पूरी तरह बुझाने का दावा किया है।

हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि यदि दमकल ने आग बुझा दी थी, तो दो दिनों तक धुआं क्यों सुलगता रहा और कचरा स्थलों की निगरानी के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने से शहरवासियों को राहत जरूर मिली है, लेकिन इस घटना ने नगर निकाय के लचर प्रबंधों की पोल खोल दी है। नागरिकों ने मांग की है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड पर शीघ्र बाउंड्रीवाल का निर्माण हो और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाहियों की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News