भाई अजिताभ की पत्नी ने जया बच्चन के मालिकाना हक को दी चुनौती
मुंबई, अग्निपथ। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित मशहूर बंगले ‘जलसा’ के मालिकाना हक को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। अमिताभ बच्चन के छोटे भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रमोला ने इस बंगले के जया बच्चन के नाम ट्रांसफर होने पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रमोला का दावा है कि यह बंगला मूल रूप से उनके नाम पर रजिस्टर्ड था और उनकी जानकारी या सहमति के बिना इसे ट्रांसफर किया गया है।
1993 की गिफ्ट डीड पर उठाए सवाल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रमोला ने पिछले 7 महीनों में रजिस्ट्रार ऑफिस में कई बार शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि वर्ष 1993 की एक गिफ्ट डीड के जरिए इस बंगले का मालिकाना हक चुपचाप जया बच्चन के नाम कर दिया गया। रमोला ने इस गिफ्ट डीड की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक यह दस्तावेज बिना स्टांप ड्यूटी चुकाए सादे कागज पर तैयार किया गया था और इस पर गवाहों के हस्ताक्षर भी नहीं थे।
सोसायटी और सरकारी रिकॉर्ड में विरोधाभास
इस मामले में एक दिलचस्प बात यह सामने आई है कि कपोल हाउसिंग सोसायटी के रिकॉर्ड में जया बच्चन को बंगले का मालिक बताया गया है, जबकि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में अभी भी रमोला बच्चन का नाम दर्ज है। जब सरकारी रिकॉर्ड से नाम बदलकर जया बच्चन का नाम दर्ज करने की कोशिश की गई, तब यह पूरा मामला खुलकर सामने आया। फिलहाल अजिताभ और रमोला के भारत लौटने के बाद यह पारिवारिक विवाद तूल पकड़ता जा रहा है।
अथॉरिटी ने शुरू की सुनवाई
विवाद बढ़ने के बाद अंधेरी के डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के अधिकारियों ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। इस मामले में आधिकारिक सुनवाई शुरू हो चुकी है और संबंधित पक्षों से अपना लिखित जवाब दाखिल करने को कहा गया है। हालांकि, अथॉरिटी ने अभी तक 1993 की गिफ्ट डीड की वैधता या बंगले के वास्तविक मालिकाना हक को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है।

