उज्जैन में गनमैन सोते रहे और शोरूम से उड़ गए 12 लाख रुपये

सीसीटीवी में कैद हुई 3 नकाबपोशों की करतूत

उज्जैन, अग्निपथ। शहर के आगर रोड स्थित एक प्रतिष्ठित वाहन शोरूम में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक का फायदा उठाते हुए अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सांघी टाटा शोरूम में घुसे तीन बदमाशों ने बड़े ही शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया और सेल्स मैनेजर के केबिन में रखी तिजोरी तोड़कर 10 से 12 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त शोरूम के भीतर यह पूरी वारदात चल रही थी, उस समय सुरक्षा के लिए तैनात दो गनमैन शोरूम की लाइटें बंद कर गहरी नींद में सो रहे थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सघन तलाश शुरू कर दी है।

लाइटें बंद कर सोते रहे सुरक्षाकर्मी, बाउंड्री कूदकर घुसे बदमाश

चिमनगंज मंडी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चककमेड निवासी रागिनी पिता अजय साही, जो सांघी टाटा शोरूम में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, ने थाने पहुंचकर चोरी की इस घटना की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि अज्ञात चोरों ने शोरूम के भीतर प्रवेश कर सेल्स मैनेजर के केबिन में रखी तिजोरी को निशाना बनाया और उसमें रखे 10 से 12 लाख रुपये नकद चुरा लिए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर का बारीकी से मुआयना किया। जांच अधिकारी सूर्यप्रकाश तालविया ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने तिजोरी और केबिन के आसपास से महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए हैं।

सीधे चाबी के बॉक्स तक पहुंचे चोर, किसी जानकार का हाथ होने की आशंका

शोरूम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश पूरी वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बदमाश संभवतः शोरूम के पिछले हिस्से की बाउंड्री कूदकर अंदर दाखिल हुए थे।

अंदर आने के बाद उन्होंने सबसे पहले वर्कशॉप का हैंडल तोड़ा और सीधे उस बॉक्स तक पहुंचे, जहां सेल्स मैनेजर के केबिन की चाबी रखी जाती है। बॉक्स से चाबी निकालने के बाद चोरों ने केबिन का ताला खोला और अंदर रखी भारी-भरकम तिजोरी को उठाकर पीछे की तरफ ले गए। वहां तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें रखी लाखों की नकदी निकाली और तिजोरी को वहीं छोड़कर चलते बने।

मुख्य द्वार से निकलकर सामने की कॉलोनी में ओझल हुए आरोपी

जांच के दौरान यह भी पता चला कि घटना के समय ड्यूटी पर तैनात दो गनमैन में से एक कार के अंदर सो रहा था, जबकि दूसरा एक कमरे में सो रहा था। शोरूम की लाइटें भी बंद थीं, जिसका बदमाशों ने भरपूर लाभ उठाया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नकाबपोश बदमाश शोरूम के मुख्य द्वार के रास्ते बाहर निकले और सड़क पार कर सामने स्थित कॉलोनी में पैदल प्रवेश कर गए। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर वे कहां गए, इसका सुराग अभी तक पुलिस को नहीं मिल पाया है।

कर्मचारियों से पूछताछ जारी, पुलिस खंगाल रही आसपास के कैमरे

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बदमाशों ने जिस सटीक तरीके से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है, उससे यह संदेह गहराता जा रहा है कि उन्हें शोरूम की आंतरिक व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। बदमाशों को पहले से पता था कि केबिन की चाबी किस बॉक्स में रखी जाती है और नकदी वाली तिजोरी कहां स्थित है।

इससे यह प्रतीत होता है कि आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर इस चोरी को अंजाम दिया है या फिर इसमें किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने शोरूम के कर्मचारियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और कॉलोनी तथा आसपास के मार्गों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन के कालभैरव मंदिर कालभैरव मंदिर की दर्शन व्यवस्था में बदलाव, सोमवार शाम से जेल चौराहे का रास्ता बंद

Sun Nov 15 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और दर्शन के दौरान हो रही असुविधाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। प्रशासन के निर्णय के अनुसार सोमवार शाम से जेल चौराहे से कालभैरव मंदिर की […]
काल भैरव

Breaking News