धार, अग्निपथ। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार 15 नवंबर 2026 को धार जिले का डही विकास और जनजातीय गौरव के भव्य राज्य स्तरीय आयोजन का केंद्र बना। इस गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने जिले को 1570 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 115 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।
इन कार्यों में 1402 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 8 प्रमुख कार्यों का लोकार्पण तथा 168 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत वाले 107 नवीन विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से बदलेगी एक लाख किसानों की तस्वीर
समारोह का सबसे प्रमुख आकर्षण 1353 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से तैयार डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण रहा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से धार जिले के 84 तथा आलीराजपुर जिले के 42 कुल मिलाकर 126 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को नर्मदा जल से सिंचाई की सुविधा प्राप्त होगी। इससे क्षेत्र के करीब एक लाख किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि इस परियोजना से सिंचाई का रकबा बढ़ेगा और अन्नदाता किसानों को एक से अधिक फसल लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र में स्थापित हो रहे प्रधानमंत्री मित्र पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
माओवाद से मुक्ति जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक: मोदी

डही के पुलिस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर से मनाया जा रहा राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब एक राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है। इस वर्ष देशभर में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है।
प्रधानमंत्री ने देश के नक्सलवाद के दंश से मुक्त होने को एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश को माओवादी गतिविधियों से मुक्त करने की दिशा में मिली सफलता जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, रानी गाइदिन्ल्यू और अल्लूरी सीताराम राजू जैसे अमर जननायकों का संघर्ष देश की अमूल्य विरासत है। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
जनजातीय समाज के शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रही है। प्रदेश में संचालित 2671 छात्रावासों के माध्यम से लगभग एक लाख 40 हजार विद्यार्थियों को आवासीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष निलेश भरती, विधायक नीना वर्मा, कालूसिंह ठाकुर, जयदीप पटेल, रंजना बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा तथा राजवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

