सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष का उपचुनाव 29 सितंबर को, सरगर्मी बढ़ी

सुसनेर, अग्निपथ। प्रदेश भर की तीन नगर परिषदों में अध्यक्ष पद के लिए होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही सुसनेर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी 29 सितंबर को होने वाले इस चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों में दावेदारों की लंबी कतार लग गई है। कई स्थानीय नेता पार्टी टिकट पर जीत का दावा ठोक रहे हैं तो वहीं कुछ राजनेता निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी ताल ठोकने की तैयारी में जुट गए हैं।

आचार संहिता लागू, बैनर-पोस्टर हटाए

नगर परिषद में अध्यक्ष पद पर बदलाव के बाद अब उपचुनाव का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। आचार संहिता लागू होते ही मंगलवार को नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा शहर भर में लगे विभिन्न राजनीतिक पोस्टर और फ्लेक्स उतारने की कार्रवाई की गई।

यह रहेगा पूरा चुनावी कार्यक्रम

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार 8 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिले की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। इसके उपरांत 16 सितंबर को फॉर्मों की संवीक्षा की जाएगी, जबकि 18 सितंबर तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे। 29 सितंबर को मतदान संपन्न होगा तथा 3 अक्टूबर को मतगणना के साथ ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनावी माहौल गरमाने के साथ ही अब सभी की निगाहें भावी उम्मीदवारों के चेहरों पर टिक गई हैं।

Next Post

पोलायकलां (शाजापुर) : मुआवजे से वंचित अन्नदाताओं में फूटा आक्रोश, ट्रैक्टर-ट्रॉली से तहसील कार्यालय पहुंचे

Tue Sep 1 , 2026
प्रीमियम कटौती के बाद भी नहीं मिली राहत राशि पोलायकलां, अग्निपथ। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा राशि नहीं मिलने से नाराज समीपस्थ ग्राम जरखी के सैकड़ों किसानों ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। फसल खराबे का उचित मुआवजा नहीं मिलने से आक्रोशित किसान बड़ी संख्या […]

Breaking News