आखिरकार नगर परिषद ने उद्यान में सीसी रोड निर्माण प्रारंभ कर ही दिया

प्रशासन के स्थगन के बाद भी लगातार कार्य, समाजसेवियों ने किया विरोध

थांदला, अग्निपथ। पर्यावरण हितों और आमजन के मनोरंजन के लिये बनाये गये उद्यान को उजाड़ते हुए आखिरकार नगर परिषद ने उद्यान में सीसी रोड निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया। नगर परिषद ने तमाम दावों को झुठलाते हुए मनमानी पूर्वक कार्य करते हुए प्रशासन के स्थगन के बाद भी लगातार कार्य करते हुए सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उद्यान को उजाडऩे से बचाने के लिये कई लोगों ने प्रशासन से लिखित व मौखिक निवेदन भी किया था। किन्तु प्रशासन ने भी जनहित को नजरअंदाज कर उद्यान में सड़क निर्माण के लिये मौन सहमति प्रदान कर दी ऐसा प्रतीत होता है।

इस संबंध में एसडीएम ज्योति परस्ते से स्थगन हटाने व निर्माण रुकवाने का पूछने पर उन्होंने मामले को दिखवाने का कहकर पल्ला झाड़ लिया। गौरतलब है कि नगर परिषद द्वारा उद्यान को उजाडऩे की खबर समाचार पत्रों में प्रमुखता से छपने के बाद कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने भी उद्यान का निरीक्षण किया था।

सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान परिषद के जवाबदारों ने कलेक्टर को भ्रमित जानकारी दी। कलेक्टर के निरीक्षण के बाद कुछ दिन अवश्य कार्य बंद रहा लेकिन उसके बाद फिर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। नपा अधिनियम के अनुसार जनहित में मनोरंजन के साधनों को स्थापित करना व उनका विकास करना नगर परिषद का कत्र्तव्य है। लेकिन वर्तमान परिषद की इस प्रकार के कार्यों में कोई रूचि नहीं दिखाई देती है। नगर के समाजसेवी व पर्यावरण प्रेमी भी उद्यान के मुददे पर खुलकर बोलने से कतरा रहे हैं। पार्षद लक्ष्मण राठौड़, नगर के युवा धवल अरोरा, जितेन्द्र धामन, मुकेश अहिरवार का कहना है कि नगर परिषद को तत्काल रोड निर्माण बंद कर उद्यान को मूल स्वरूप में पु:न लाना चाहिये। नगर के किसी अन्य स्थान पर उद्यान बनाया जाना अब संभव भी नहीं है। ऐसी स्थिति में इस धरोहर को बचाना हम सभी का दायित्व है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रुपये की बात पर विवाद में युवक की हत्या : आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, दो वाहन भी किए जब्त

Sat Sep 4 , 2021
पेटलावद,अग्निपथ। 3 सितम्बर की रात साढ़े 9 बजे जितेन्द्र पिता शिवपुरी गोस्वामी (32) निवासी खामडीपाड़ा जो कि काना जायसवाल निवासी खामडीपाड़ा की दुकान पर किराना सामान लेने जा रहा था कि उसी दौरान वहां पर जितेन्द्र के साथ गाड़ी रोकने की बात को लेकर सुरेश, भूरालाल, चैनराम और हरीराम द्वारा […]

Breaking News