सिंहस्थ क्षेत्र में घर तोडऩे के विरोध में कांग्रेस ने पीपलीनाका से कोठी तक निकाली रैली, पुलिस ने आंदोलनकारियों पर केस दर्ज किया
उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ क्षेत्र में बनाए गए मकान को तोडऩे के लिए बुलाई गई सभा में लोगों की पीड़ा सुनकर कांग्रेस नेता विक्की यादव भावक हो गए और विवादित बयान दे दिया। जोशी ने भीड़ से कहा, घर अगर प्रशासन उनके घर तोड़ दे तो सब गरीब मिलकर सांसद अनिल फिरोजिया, मंत्री मोहन यादव और विधायक पारस जैन के घर तोड़ दें। क्योंकि इनके इशारे पर ही गरीबों के मकान तोड़े जा रहे हैं। सोनू गेहलोत घर में चुप बैठ गए हैं। अगर एक भी मकान टूटा तो कांग्रेस उसका विरोध करेगी।
वे पीपली नाका चौराहे पर सिंहस्थ क्षेत्र में निर्माण तोडऩे के नोटिस देने से घबराए लोगों की सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, भू माफिया के लिए भाजपा नेताओं के इशारों पर सिहंस्थ क्षेत्र की जमीन को मुक्त किया जा रहा है। इधर खून पसीने से बने मकानों को तोडऩे के नोटिस दिए जा रहे हैं। वहीं विवेक यादव ने पूर्व निगम सभापति सोनू गेहलोत को ललकारा। कहा, गरीबों के थोकबंद वोट से जीतते हैं। आज गरीबों को मदद की जरूरत है तो घर में चुप होकर बैठ गए हैं। हमारे साथ आए और प्रशासन का विरोध करें।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, सोनू गेहलोत, पारस जैन और मंत्री मोहन यादव की राजनीति में गरीबों को निशाना बनाया जा रहा है। सुशील मुकेश का पेट्रोल पंप सिंहस्थ भूमि पर बन रहा है। उसे तोड़ा जाए। अनेक ऐसे अवैध निर्माण हैं, जिन्हें तोड़े। कलेक्टर गरीबों के घर तोड़ रहे हैं। घर के सामने विधायक, सांसद और पार्षद निधि से विकास के काम कराए गए हैं। उस समय प्रशासन सोया हुआ था।
इस दौरान, मुकेश भाटी, अशोक भाटी, ललित मीणा, माया राजेश त्रिवेदी, अभिषेक लाला, सपना सांखला, चेतन यादव,अजीतसिंह ठाकुर,गजेंद्र मारोठिया, ने भी कार्रवाई का विरोध किया। रैली के रूप में सभी कोठी पर पहुंचे। आरोप के संबंध में मंत्री मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, सोनू गेहलोत से पक्ष मांगा था,लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उधर माधवनगर पुलिस ने आंदोलनकारियों के खिलाफ धारा 188 में केस दर्ज कर लिया है।
रजिस्ट्रीयां कराने वालों के घर तोड़े : विधायक
कोठी पर विधायक रामलाल मालवीय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, सिंहस्थ क्षेत्र में किसानों ने जमीन बेची, लोगों ने खरीदी। मकान बनाने से पहले रजिस्ट्रीयां कराई, नक्शे पास कराए गए। बिजली कनेक्शन मिले,विधायक, सांसद, पार्षद निधि से लोगों इन क्षेत्रों में काम कराए गए। इसकी स्वीकृति प्रशासन के अफसरों ने दी है। इन अवैध काम की परमिशन देने वालों के खिलाफ सबसे पहले कार्रवाई होनी चाहिए। प्रशासन इन अफसरों और कर्मचारियों के घर तोड़े। कांग्रेस गरीबों के साथ है।
गफलत, ज्ञापन में होड़
कांग्रेस नेताओं के बीच आंदोलन की रणनीति साफ नहीं होने से लोगों के बीच गफलत बनी रही। कांग्रेस नेता राजेश त्रिवेदी ने बताया कि उन्होंने 25 मैजिक का इंतजाम किया था। लेकिन अशोक भाटी ने 15 मैजिक बुलाने की बात कही तो उन्होंने अपनी मैजिक कैंसिल कर दी। इससे कोठी पर सभी लोगों को ले जाने में देरी हो रही है। अब फिर से मैजिक बुलाई गई है। करीब 20 मिनट देरी से मैजिक आने के बाद सभी लोग कोठी पर रवाना हुए। वहीं ज्ञापन देने के दौरान भी कांग्रेस नेताओं में होड़ मच गई थी।
एक घंटे तक चली चर्चा
अशोक भाटी का दावा है कि कोठी पैलेस पर एडीएम संतोष टैगोर के साथ कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधि मंडल की लगभग एक घंटे तक चर्चा हुई। इस दौरान एडीएम टैगोर और एएसपी अमरेंद्रसिंह ने आश्वासन दिया है कि इस मामले को लेकर एक बार फिर कलेक्टर और निगमायुक्त के साथ चर्चा की जाएगी और गरीबों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान मुकेश भाटी, विधायक रामलाल मालवीय, महेश सोनी,पूर्व विधायक बटुकशंकर जोशी, कमल पटेल, चेतन यादव, विवेक यादव और अशोक भाटी,माया राजेश त्रिवेदी,विवेक सोनी मौजूद थे।
संतों से कहेंगे गरीबों के मकान ना तोड़े जाए : त्रिवेदी
त्रिवेदी सिंहस्थ महापर्व जिससे प्रमुख जुड़ाव अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं एवं संत समाज का है एवं जिनके लिए आरक्षित भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर सैकड़ों परिवारों के सामने जीवन मरण का प्रश्न खड़ा हो गया है। इस मामले में गरिमामई सिंहस्थ की व्यवस्था हमेशा बनी रहे इस हेतु कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल स्थानीय अखाड़ा परिषद, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के स्थानीय प्रमुख महामंडलेश्वर एवं संतजनों से भेंट करेगा। इसके लिए आज विभिन्न संत जनों से एवं अखाड़ों में भी चर्चा की गई है आने वाले कल में इसको लेकर बैठक का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा की मनमानी कभी पूरी नहीं होने देंगे : भाटी
जीवाजीगंज ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने पीपलीनाका चौराहे पर एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, सिंहस्थ 2016 के बाद हुए निर्माण कार्यों को अवैध बताकर जिस प्रकार से भाजपा नेताओं के संरक्षण में अधिकारी मनमानी कर गरीबों के आशियाने तोडऩे की जो मुहिम चला रहा है, उसे कांग्रेस कभी पूरा नही होने देंगी। आम जनता के साथ कांग्रेस का हाथ है और प्रशासन भले ही हमें जेल में डाल देए लेकिन हम गरीबों के आशियाने नहीं तोडऩे देंगे। शिवराज सिंह चौहान की दोहरी नीति जिसमें गरीबों का नुकसान और अमीरों को पोषित किया जा रहा है।
कोठी पर तीन लोगों को आया हार्ट अटैक, एंबुलेस से पहुंचाया अस्पताल

कोठी पैलेस पर सिंहस्थ क्षेत्र के मकान तोडऩे के नोटिस के बाद गुलमोहर कालोनी, ग्यारसी नगर समेत अनेक कॉलोनी के पांच सौ से ज्यादा लोग पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने कलेक्टर मुर्दाबाद के नारे लगाकर विरोध जताया। उनका कहना था कि खून पसीने से लोगों ने जमीन खरीदकर मकान बनाए हैं। अब तक प्रशासन सोया हुआ था। अब नोटिस देकर त्योहार पर मकान तोडऩे के नोटिस दे दिए हैं। लोगों के बीच मकान तोडऩे को लेकर घबराहट थी।
इसी दौरान गुलमोहर कॉलोनी के एक व्यक्ति हार्ट अटैक आ गया था। उसे तत्काल ही आटो से अस्पताल भेजा गया। इसके कुछ देर बाद दो महिलाओं को हार्ट अटैक आने की सूचना पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कलेक्टर मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए एबुंलेंस को बुलाकर तत्काल उन्हें अस्पताल भेजा गया।