बदनावर के छायन में कल होगा कपड़ा कारखाने का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान वर्चुअल जुडक़र करेंगे भूमिपूजन

बदनावर, (अल्ताफ मंसूरी) अग्निपथ। उद्योग मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव बदनावर विधानसभा क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र में नए नए उद्योगों की सौगात देकर बदनावर को संपूर्ण विकास की ओर तेजी से ले जा रहे हैं। क्षेत्र को एक ओर नए उद्योग की सौगात मिलने जा रही है। पश्चिम क्षेत्र के ग्राम छायन में कपड़ा कारखान खुलने जा रहा है। जिसका शुक्रवार को मुख्यमंत्री वर्चुअली भूमिपूजन करेंगे।

सत्ता में जनभागीदारी के मॉडल पर काम कर रही शिवराज सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन करने के लिए सदैव तत्पर रहती है। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव औद्योगिक विस्तार के लिए छायन में नए कपड़ा कारखाने का भूमिपूजन करेंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुबह 10.30 बजे वर्चुअली जुडक़र भूमिपूजन करेंगे।

250 करोड़ का निवेश, 12 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

यह कपड़ा कारखाना पूर्ण रूप से पर्यावरण फ्रेंडली के साथ-साथ उन्नत टेक्नोलॉजी के साथ टेक्निकल टेक्सटाइल से युक्त होगा, जो कि क्षेत्र में अन्य यूनिट्स को भी आकर्षित करेगा। बदनावर विधानसभा निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। विगत चार वर्षों में शहर के समग्र विकास के लिए अनेक कदम उठाये गए है, जिसके फलस्वरूप शहर की दशा में गुणात्मक परिवर्तन दिखने लगा है। उद्योग मंत्री दत्तीगांव के प्रयास से बदनावर को नए उद्योग की सौगात मिली है। ग्राम छायन में 250 करोड़ रुपए का निवेश कर नया उद्योग लगेगा। इस उद्योग की स्थापना से बड़ी संख्या में महिलाओं को स्किल ट्रेनिंग के साथ-साथ रोजगार मिलेगा। आने वाले 5 वर्षों में कुल 250 करोड़ रुपए का निवेश होगा और लगभग 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह नया उद्योग करिब 50 एकड़ भूमि में स्थापित होगा।

कई राज्यों में काम कर रही है कंपनी

न्यू जील रेन वियर कंपनी (न्यू जील फैशन वियर प्राइवेट लिमिटेड) रेनवियर, विंटर वियर और सेफ्टी वियर आदि के आउटर वियर उत्पादों के अग्रणी निर्माता उद्योग समूह हैं। कंपनी अपने उत्पादों को अमेरिका, यूरोप, और मध्य पूर्व के देशों में निर्यात करती है। वर्तमान में कंपनी के प्लांट राजस्थान के डूंगरपुर, महाराष्ट्र के भिवंडी एवं वसई और उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में स्थापित हैं। अब कंपनी बदनावर में नया उद्योग लगाने जा रही है।

बदनावर में उद्योगों की अपार संभावनाएं

औद्योगिकीकरण की शुरुआत हुई थी। तब मप्र भारत में धार जिले को विशेष रूप से चयनित किया गया था। इसमें पीथमपुर प्रदेश ही नहीं, देश का सबसे बड़ा औद्योगिक हब बन चुका है, लेकिन उससे आगे विशेष प्रगति नहीं हुई थी। राजवर्धनसिंह दत्तीगांव के औद्योगिक निवेश मंत्री बनने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद जागी थी कि अब बदनावर में भी औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए बदनावर सर्वथा अनुकूल भी है। पूरी विधानसभा से दो प्रमुख राजमार्ग गुजरते हैं। बडऩगर व रतलाम के माध्यम से रेलमार्ग से भी निकटता होने से औद्योगिक समूहों को यह क्षेत्र पसंद आने लगा है।

गत वर्ष यहां खेरवास में एशिया के बड़े सोया प्लांट का भूमिपूजन मंत्री दत्तीगांव की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जुडक़र किया था। जिसका निर्माण कार्य यहां तेजी से चल रहा है। आईबी ग्रुप करीब 65 एकड़ एरिया में साढ़े तीन सौ करोड़ से अधिक लागत से बनने वाले इस बड़े उद्योग की स्थापना कर रहा है। इसके अलावा ग्राम दोत्रिया के पास भी नया उद्योग लग रहा है। जिसका गत अप्रैल माह में मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जुडक़र भूमिपूजन किया था। यहां एन्डूराफेब कंपनी करीब 800 करोड़ का निवेश कर रही है। अब तीसरा नया उद्योग यहां छायन में लगने जा रहा है।

पश्चिमी बदनावर क्षेत्र में फूड खाद्यान्ना और नकदी फसलों के लिए फूड प्रोसेसिंग प्लांट के लिए भी अवसर तलाशे जा रहे हैं। आदिवासी बहुल क्षेत्र होने तथा रतलाम और झाबुआ जैसे भूमिहर मजदूरों वाले जिलों के जुड़ाव से श्रमिकों की भी बहुलता है। इन जिलों से वर्तमान में बड़ी संख्या में मजदूर गुजरात और महाराष्ट्र पलायन करते हैं। औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिलने से यहां भी नए रोजगार का सृजन होगा। खेरवास में लगने वाले सोया प्लांट के लिए उच्च गुणवत्ता की सोयाबीन स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी। क्योंकि बदनावर, धार, बडऩगर, देपालपुर आदि तहसीलों में खरीफ के मौसम में 90 फीसद किसान सोयाबीन की ही खेती करते हैं। यहां होने वाली सोयाबीन नानबीटी है, जो कि डीओसी उत्पादकों की पहली पसंद है। जिसका उपयोग प्रचुर मात्रा में खाद्य पदार्थो के निर्माण के लिए होता है।

रोजगार के अवसर होंगे पैदा: दत्तीगांव

उद्योग मंत्री दत्तीगांव के प्रयास से अब क्षेत्र में उद्योगपति दिलचस्पी दिखा रहे है। अब तक 3 बड़े उद्योग की सौगात क्षेत्र को मिल गई है। तीनो बड़े उद्योगों के शुरू होने के बाद क्षेत्र में विकास की गति और बढ़ेगी। साथ ही बेरोजगार युवाओं को अपार रोजगार मिलेंगे। चर्चा में उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव ने बताया कि हमे तीसरे उद्योग इकाई की सौगात मिलने जा रही है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री इसका वर्चुअल जुडक़र भूमिपूजन करेंगे। उन्होंने कहा कि तीनों उद्योग जल्द बनकर तैयार होंगे। हमारी अन्य कम्पनियों से भी बात चल रही है। बड़ी कम्पनिया यहां निवेश कर रही है। इससे हमारे बदनावर की पहचान पूरे देश में बन गई है। उन्होंने बताया कि इंदौर में आयोजित ग्लोबल समिट के सार्थक परिणाम हमें मिल रहे है। बड़ी कंपनिया प्रदेश में निवेश करने में रुचि दिखा रही है। बदनावर में नया उद्योग उसी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में बदनावर परियोजना मिल का पत्थर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जी-20 सम्मेलन के अतिथियों को मांडू की प्रामाणिक जानकारी मिलेगी, गाइडों को दिया प्रशिक्षण

Wed Feb 8 , 2023
मप्र पर्यटन विभाग के उन्मुखीकरण कार्यशाला धार, अग्निपथ। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्यटन नगरी मांडू में दो दिवसीय गाइड उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ बुधवार को पीथमपुर की एसडीएम श्रीमती रोशनी पाटीदार ने किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जी-20 सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर मांडू व […]

Breaking News