चामुंडा माता चौराहा पर दुर्घटना, महिला की मौत

बस चालक भाग निकला, पुलिस कर रही तलाश

उज्जैन, अग्निपथ। चामुंडा माता चौराहा पर शुक्रवार शाम हुई दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। महिला की एक्टिवा को पीछे से आई यात्री बस ने टक्कर मारी थी। पुलिस ने बस जब्त की है। चालक भाग निकला था जिसकी तलाश की जा रही है।

देवासगेट थाना पुलिस ने बताया कि इंदिरानगर में रहने वाली शालिनी पति अभिषेक शर्मा (40) बीएसएनएल में कार्यरत थी। शाम को कार्यालय बंद होने पर एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रही थी। चामुंडा माता चौराहा पर सिग्नल क्रास करते समय पीछे से आई एम यादव की बस ने टक्कर मार दी। शालिनी गिर गई थी, जिसके ऊपर से बस का पहिया गुजर गया। दुर्घटना होते ही चालक बस छोडक़र भाग निकला था।

लोगों की मदद से महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त होते ही परिजन अस्पताल पहुंच गये थे, वहीं बीएसएनएल कर्मचारी और अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे। मृतका आम आदमी पार्टी के शहर अध्यक्ष की पत्नी है। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम किया गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बस चालक की तलाश की जा रही है।

शराब के पैसे नहीं देने पर चाकू से किया हमला

उज्जैन, अग्निपथ। बीती रात 2 दोस्तों पर चार बदमाशों ने शराब के पैसे नहीं देने पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिनका आरोप है कि बदमाश पैसे और चेन छीनकर ले गये है।

मक्सीरोड गोपालपुरा में रहने वाला हरीश पिता अशोक शर्मा रात को दोस्त सोनल पिता बाबूराव के घर गणेशपुरा गया था। दोनों घर के बाहर टहलते हुए बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान क्षेत्र के रहने वाले मोनू, विपिन, साहिल और सुभाष ने उन्हे रोक लिया। चारों शराब के पैसे मांगने लगे। हरिश ने तेज आवाज में पैसे देने से मना कर दिया।

इसी बात पर चारों ने दोनों के साथ लाठियों से मारपीट शुरू कर दी और चाकू निकालकर सोनल को मार दिया। सोनल के घायल होते ही हरिश ने शोर मचाया। चारों बदमाश भाग निकले। जिला अस्पताल में घायलों ने बताया कि बदमाश उनके पास से 700 रूपये और चांदी की चेन छीनकर ले गये है। मामले में माधवनगर थाना पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Next Post

आज सावन महोत्सव की सातवीं प्रस्तुति- नृत्य की रसवर्षा से नटराज की आराधना

Fri Aug 18 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के 18 वे अखिल भारतीय श्रावण महोत्सव 2023 जिसे शिवसंभवम का नाम दिया गया है, उसके सप्तम शनिवार 19 अगस्त को शायोनी चावडा कोलकता का कथक, सुश्री श्वेता गुंजन जोशी का शास्त्रीय गायन व सुश्री अदिति तिवारी बंगलूरू के कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी। […]