2027 तक उज्जैन में 3 से 5 सितारा संस्कृति के आधा दर्जन होटल लेंगे आकार

शिखर दर्शन ग्राउंड पर अगर बड़ी एलईडी लगा दी जाये तो बिना अनुमति के भी सैकड़ों लोग यहां से सहजतापूर्वक भस्मारती दर्शन कर सकते हैं।

उज्जैन, अग्निपथ। वर्ष 2028 में उज्जैयिनी में आयोजित होने वाला सिंहस्थ ऐतिहासिक तो होगा ही साथ ही इस पुरातन नगरी को भी सितारा संस्कृति के आधा दर्जन होटल अनेक सौगातें देकर जायेगा। कभी पड़ोसी शहर इंदौर के रहमोकरम पर रहने वाला उज्जैन अब जवान होकर आत्मनिर्भर होने जा रहा है। अभी तक होता यह था कि दुनिया भर के लोग बाबा महाकाल के दर्शन को उज्जैन आते थे, पर रूकते 50 किलोमीटर दूर इंदौर में थे। इस कारण इंदौर के होटल – रेस्टोरेन्ट, टैक्सी वाले उज्जैन के हिस्से का लाभ ले जाते थे।

पर अब ऐसा नहीं होगा ‘मेरा उज्जैन बदल रहा है’। अब उज्जैन में एक-दो नहीं बल्कि आधा दर्जन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के होटल्स आ रहे हैं जो सन् 2027 के अंत तक आकार ले लेंगे। चलिये आज हम अग्निपथ के सुधि पाठकों को बताते हैं कि हमारे शहर में कौन-कौन से नामचीन होटल आ रहे हैं।

ये सितारा होटलें होंगी तैयार

हॉली डे इन : इंदौर टोल नाके के पास 5 बीघा में बनेगी

‘हॉली डे इन’ होटलों की एक श्रृंखला है और आई एच जी होटल्स एण्ड रिसोर्टस का एक ब्राँड है। 1952 में स्थापित यह ग्रुप हॉली डे इन, हॉली डे इन एक्सप्रेस, हॉली डे इन क्लब वेकेशन और हॉली डे इन रिसॉर्टस नामों से होटल संचालित करता है। इस ग्रुप के अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व, अफ्रीका, एशिया में 1173 स्थानों पर होटल है।

बीते सोमवार को नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी संतोष अग्रवाल के पुत्र अभिषेक अग्रवाल ने हॉली डे इन ग्रुप के साथ अनुबंध किया है। उज्जैन-इंदौर रोड पर नवाखेड़ा टोल टेक्स के समीप 5 बीघा (1 लाख 12 हजार 500 वर्गफीट) भूमि पर बनने वाली इस अंतरर्राष्ट्रीय हॉली डे इन में 104 कमरे होंगे, साथ ही स्विमिंग पुल के साथ ही अत्याधुनिक सुविधाएं भी रहेंगी। यह होटल 2027 के अंत तक बनकर तैयार हो जायेगा।

विवांता होटल (ताज ग्रुप) : हरिफाटक पर हो रही तैयार

vivanta

बाजार पूँजीकरण के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी आतिथ्य कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी (आई.एच.सी.एल.) की स्थापना सन् 1903 में जमशेद जी टाटा ने की थी और मुम्बई में सबसे पहली होटल ताज महल पैलेस का निर्माण किया था। इस कंपनी के पास 88 निर्माणाधीन होटल्स के साथ दुनिया में 4 महाद्वीपों, 13 देशों में 100 से अधिक स्थानों पर 300 से अधिक होटल्स हैं। इंडियन होटल्स कंपनी मध्यप्रदेश में ताज, सेलेक्शंस, विवांता और जिंजर ब्रांड के नाम 12 होटल संचालित कर रहा है।

उज्जैन में हरिफाटक रोड पर 150 कमरों वाली विवांता होटल बनने जा रही है। शहर के प्रतिष्ठित बिल्डर्स जितेन्द्र फुलवानी ने पिछले दिनों इंडियन होटल्स कंपनी से इसका अनुबंध किया है। 150 कमरों वाली सी श्रेणी की इस होटल में तीन सितारा श्रेणी की सुविधाएं रहेंगी। इंडियन होटल्स कंपनी इंदौर एयरपोर्ट के नजदीक भी 340 कमरों वाली विशाल होटल का निर्माण कर रही है।

लेमन ट्री : नागदा बायपास पर जीवनखेड़ी में बन रही

lemon tree

 

2002 में पाटू केसवानी द्वारा स्थापित यह ग्रुप मध्यम मूल्य वाले होटल क्षेत्र की सबसे बड़ी होटल श्रृंखला है। भारत, संयुक्त अरब अमीरात, भूटान के साथ भारत के 64 शहरों में 100 होटल है जिनमें 9700 कमरे हैं। यह ग्रुप ऑरिका होटल्स एण्ड रिसार्टस, लेमन ट्री प्रीमियम, लेमन ट्री होटल, रेड फॉक्स बाय, कीज पाइमा, कीज सिलेक्ट, कीज लाइट नाम से अपने ब्राँड होटल के नाम रखता है।

उज्जैन में नागदा बायपास (शांति होटल के पास) क्षिप्रा नदी पर बने पुल के पार करते ही जीवनखेड़ी ग्राम पंचायत में नगर के प्रतिष्ठित बिल्डर्स महेश परियानी ‘लेमन ट्री’ होटल का निर्माण करने जा रहे हैं। 150 कमरों वाली अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह होटल वर्ष 2027 के अंत तक बनकर तैयार हो जायेगी।

रेडिसन ब्लू : हरिफाटक रोड पर शुरू हो गया काम

 होटल radisson blu

 

सन् 1960 में स्थापित रेडिसन होटल्स द्वारा संचालित होटलों की अंतरर्राष्ट्रीय श्रृंखला है। मीनियापोलिस संयुक्त राज्य अमेरिका और बुसेल्स, बेल्जियम से संचालित होने वाली इस कंपनी के दुनिया भर में 389 स्थानों पर होटल्स है जिनमें 91 हजार से अधिक कमरे हैं। उज्जैन में हरिफाटक रोड पर निर्माणाधीन रेडिसन ब्लू होटल के लिये शहर के प्रसिद्ध व्यापारी मोहन वासवानी ने अनुबंध किया है। 72 कमरों वाली इस अंतरर्राष्ट्रीय स्तर की प्रॉपर्टी के अगले वर्ष 2025 में प्रारंभ होने की संभावना है।

अनंतरा : इसी साल देवास रोड पर होगा शुरू

antara

देवास रोड फोरलेन पर टोल नाके के पहले 10 बीघा जमीन पर आकार ले चुका अनंतरा क्लब एण्ड रिसोर्ट सर्वसुविधायुक्त है 78 कमरों वाले इस रिसोर्ट में 8 कॉटेज भी है। स्विमिंगपुल और 24 घंटे भोजनालय की सुविधा वाले इस होटल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसके इसी वर्ष नवंबर माह में प्रारंभ होने की संभावना है।

Next Post

महाकाल के आंगन में उमा सांझी महोत्सव 28 से

Sun Sep 22 , 2024
पांच दिन मंदिर में मनेगा सांस्कृतिक उत्सव, उमा माता की सवारी भी निकलेगी उज्जैन, अग्निपथ। सृष्टि के सृजन-कर्ता शिव एवं उमा का प्रकृति एवं पुरूष का उत्सव श्री महाकालेश्वर मंदिर में उमा-सांझी महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस बार यह महोत्सव 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया […]