उज्जैन, अग्निपथ। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित सांदीपनि नगर में रहने वाला युवक उत्तर प्रदेश की रहने वाली महिला को काम दिलाने के बहाने उज्जैन लेकर आ गया। यहां उसे काम दिलाने का झांसा देकर दो महीने तक अपने साथ रखा और कईं बार दुष्कर्म किया। महिला युवक के झांसे में उलझ गई और जब भी वो जाने का बोलती तो युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर डराता। सोमवार को महिला जैसे-तैसे युवक के चंगुल से निकली और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया दो माह पहले सांदीपनि नगर का रहने वाला अनिल बैरागी एक महिला को काम दिलाने के बहाने उत्तर प्रदेश से उज्जैन लेकर आया था। वो उसे यहां ईधर-उधर घूमाता रहा और अपने साथ ही रहने के लिए उसे तैयार कर लिया। महिला अकेली थी और उसके पास कोई ठिकाना नहीं था इसलिए वो साथ रहने को तैयार हो गई।
इसी का फायदा उठाकर अनिल ने दो महीने तक उसका शोषण किया। महिला जब भी उसे काम दिलाने का बोलती तो वह टाल देता था। जब महिला को उसकी सच्चाई समझ आई तो वह नानाखेड़ा थाने पहुंची और अनिल के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में मंदिर के समीप सट्टे का कारोबार
उज्जैन, अग्निपथ। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र स्थित जूना सोमवारिया से आगे आशु मेहतरानी मंदिर के समीप सट्टे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। पुलिस ने यहां से एक सटोरी को सट्टा पर्ची के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया आशु मेहतरानी के समीप सट्टे का अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने दबिश दी तो यहा से सट्टे की पर्ची लिखे कागज, पेन तथा 675 रुपए सट्टा राशि के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सट्टा खाईवाल की तलाश कर रही है।