नीलगंगा क्षेत्र में धुलेंडी की शाम युवक की हत्या

चाकू

संजय नगर में दो गुटों के बीच चाकू-तलवार चले, तीन अन्य घायल भी हुए

उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के संजय नगर में होलिका दहन के दूसरे दिन धुलेंडी की शाम विवेकानंद के रहने वाले युवक की चाकू-तलवार से हमला कर दी गई। मृतक अपने दोस्त के झगड़े में विरोधियों से समझौते की बात करने गया था। इस दौरान दूसरे गुट ने उन पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच तलवार-चाकुओं और लोहे के पाइप से संघर्ष हुआ। इस विवाद में तीन लोग घायल हुए और एक युवक की हत्या हो गई।

टीआई तरूण कुरीले ने बताया विवेकानंद कॉलोनी का रहने वाला रोहित पिता शंभु लाल डोडिया अपने दोस्त कान्हा और शिवा के साथ शुक्रवार शाम बसोड पट्टी में गया था। कान्हा उसे घर से बुलाकर ले गया था। बताया था कि बसोड़ पट्टी में रहने वाले रोहित पिता विनोद से उनका विवाद चल रहा है। इसी को लेकर बातचीत करने चलना है।

वे शाम को बाइक पर सवार होकर इस आशंका में गए थे कि विवाद हो सकता है तो हथियार भी साथ ले गए थे। जब वे बसोड गली में पहुंचे तो सामने वाले गुट से आमना-सामना हो गया और समझौते की बात के बीच विवाद और बढ़ गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर तलवार-चाकुओं से हमला कर दिया। दो पक्षों के बीच हथियार चले तो क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दोनों पक्षों के युवकों को चोंटें लगी। हमले में एक पक्ष का रोहित पिता विनोद, तुषार , चंचल और कुकी घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष का रोहित डोडिया गंभीर रूप से घायल हो गया। विवाद की सूचना मिलने पर नीलगंगा पुलिस मौके पर पहुंची। यहां गंभीर रूप से घायल पड़ेग रोहित सहित अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टर्स ने रोहित का परीक्षण किया तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने केस दर्ज किया और चार लोगों को हिरासत में ले लिया। हत्या और प्राणघातक हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।

पुलिस ने मृतक रोहित के परिजनों को सूचना दी जिस पर पूरा परिवार अस्पताल पहुंचा। रोहित के पिता शंभुलाल ने बताया कि रोहित 6 बहनों में उनका इकलौता पुत्र था। वह भी शादीशुदा और उसकी भी दो बेटियां हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था विवादों से तो दूर ही रहता था। उसे उसके दोस्त घर से बुलाकर समझौता करने का बोलकर ले गए थे।

पुलिस ने बताया कि अब तक चार लोगों को हिरासत में ले लिया है अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Next Post

विक्रम संवत की गणना सबसे सटिक, देशभर में लागू करना चाहिए

Sat Mar 15 , 2025
उज्जैन में जुटे यूक्रेन-नेपाल समेत कई राज्यों के विद्वानों ने उठाई मांग उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का आयोजन हुआ। जिसमें यूक्रेन-नेपाल सहित देश भर से आए विद्वानों ने एक स्वर में माना कि भारत में विक्रम संवत को ही पूरी तरह से मान्यता मिलना चाहिए। […]
वैदिक घड़ी