उज्जैन, अग्निपथ। झार्डा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लोटिया जुनार्दा में गुरुवार रात खेत में बनी झोपडी में 62 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह पुलिस को इस जघन्य हत्याकांड की सूचना मिली। पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया मृतक का नाम अर्जुन पिता फतेहसिंह उम्र 62 वर्ष है। वह झार्डा के ग्राम लोटिया में अपने खेत पर बनी झोपड़ी में सोने गया था। मध्यरात्रि के समय अज्ञात बदमाशों ने उसकी झोपड़ी में घुसकर धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
सुबह जब वो देर तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसे देखने के लिए खेत पर पहुंचे। खेत पर झोपड़ी के अंदर देखा तो लहुलूहान अवस्था में उसका शव पड़ा मिला।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही हैं।परिजनों के बयान लेने के बाद हत्या के कारणों का पता चल सकता है।
शाजापुर के युवक का एक्सीडेंट, चार दिन बाद उज्जैन में मौत
उज्जैन, अग्निपथ। शाजापुर के बिजाना में रविवार दोपहर बाइक सवार 35 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर हालात में उसे शाजापुर से उज्जैन रेफर किया गया। उज्जैन के निजी अस्पताल में चार दिन बाद गुरुवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मार्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया रामचंद्र पिता रमेशचंद्र धनेरिया उम्र 35 वर्ष निवासी बिजाना शाजापुर हम्माली करता था। रविवार को वह बाइक से मंडी जा रहा था। इसी दौरान बिजाना मोड पर उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।