संचालक ने दरवाजा खोलकर देखा तो घटना का पता चला-मृतक इंदौर का निवासी
उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल थाना क्षेत्र स्थित योगीपुरा के गेस्टहाउस में इंदौर के यात्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह बुधवार को बाइक से आकर गेस्ट हाउस में रूका था। महाकाल दर्शन के बाद वह बुधवार रात अपने कमरे में जाकर सो गया था। गुरुवार सुबह वह उठा नहीं शाम तक गेस्ट हाउस संचालक को कुछ पता नहीं था।
जब देर शाम तक वह बाहर नहीं आया तो संचालक ने उसके कमरे का दरवाजा खोलकर देखा। अपने कमरे में वह फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मृत्यु की पुष्टि की। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया। उसके पास मिले फोन और दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने बताया बुधवार को योगीपुरा क्षेत्र के ओम शांति गेस्ट हाउस में इंदौर के समाजवाद नगर का रहने वाला दीपक पिता राजाराम साहू आकर रूका था। यात्रीगृह संचालक ने उसे कमरा नंबर 9 में ठहराया था। दीपक ने गेस्ट हाउस में स्नान किया और नाश्ता करने के बाद अपनी बाइक से उज्जैन में देवदर्शन के लिए निकल गया। देर रात वापस आया और अपने कमरे में जाकर सो गया।
गुरुवार शाम तक वह कमरे से नहीं निकला तो कर्मचारी राजू को आशंका हुई उसने गेस्ट हाउस संचालक को बताया इस पर उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया गया। अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोलकर देखा तो यात्री फांसी के फंदे पर लटका मिला।
पुलिस ने उसे फंदे से उतारक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने मृत्यु की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन उज्जैन पहुंच गए और उन्हेांने पुलिस को बताया कि दीपक के पत्नी और दो बच्चे हैं। पत्नी के बयान होने के बाद आत्महत्या के कारणों का पता चल सकता है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्ट मॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने जहरीला पदार्थ खाया
उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल थाना क्षेत्र स्थित जयसिंहपुरा की रहने वाली महिला ने गुरुवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगडने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया जयसिंहपुरा की रहने वाली मनीषा पति देवकरण का गुरूवार रात पति से विवाद हो गया था।
इसी विवाद के चलते महिला ने चूहामार दवाई खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजन तत्काल उसे लेकर जिला अस्पताल आए। पुलिस ने बताया महिला के बयान लिए है मामले में जांच की जा रही है। हालांकि महिला ने बताया कि उसने गलती से चूहामार दवाई खा ली।