शाजापुर में आधी रात को खूनी संघर्ष: समझाने की बात पर चलीं तलवारें और धारिया, 4 घायल

शाजापुर, अग्निपथ। शहर के चौबदारवाड़ी इलाके में शनिवार की आधी रात को एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। मामूली विवाद को लेकर शुरू हुई बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों के साथ तलवार और धारिया जैसे घातक हथियार निकल आए। इस हिंसक झड़प में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है।

समझाने की बात पर भड़का विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत में फरियादी कयामुल्ला खान (37), निवासी चौबदारवाड़ी ने बताया कि विवाद की शुरुआत आरोपी के लड़के को समझाने की बात से हुई थी। शनिवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच जब कयामुल्ला ने दूसरे पक्ष को समझाने का प्रयास किया, तो उन्हें यह बात नागवार गुजरी। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला खूनी मारपीट में बदल गया।

हथियारों से लैस होकर किया हमला

फरियादी के अनुसार, आरोपियों ने एकमत होकर सुनियोजित तरीके से हमला किया। हमलावरों के हाथों में तलवार, धारिया और लाठी-डंडे थे। इस हमले में कयामुल्ला खान और उनके तीन अन्य साथी लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने इलाके में दहशत फैलाते हुए घायलों को जान से मारने की धमकी भी दी। हंगामे की खबर लगते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित किया।

9 नामजद आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

कोतवाली पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों में जाकिर हुसैन, अयान हुसैन, रेहान हुसैन, सादाल हुसैन, सद्दाम हुसैन, शब्बीर हुसैन, अरबाज हुसैन, अमान हुसैन और समीर शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।

Next Post

मोहनखेड़ा तीर्थ पर सजेगा बागेश्वर सरकार का दिव्य दरबार, तैयारियां पूर्ण

Sun Feb 1 , 2026
धार, अग्निपथ। मोहनखेड़ा जैन तीर्थ पर आज भक्ति और सत्संग का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विश्व प्रसिद्ध बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहली बार इस पवित्र धरा पर अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा करेंगे। यह भव्य आयोजन मुंबई निवासी घमंडीराम और अंकीबाई गोवाणी की पुण्य […]

Breaking News