भस्म आरती दर्शन के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, गाजियाबाद से सरकारी शिक्षक हिरासत में

सावन भस्म आरती

उज्जैन, अग्निपथ। भगवान महाकालेश्वर की भस्म आरती दर्शन कराने का झांसा देकर सोशल मीडिया पर रील पोस्ट करने के मामले में महाकाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सरकारी शिक्षक को हिरासत में लिया है। आरोपी शिक्षक का मोबाइल नंबर उस वायरल रील पर अंकित था, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को बुकिंग के लिए संपर्क करने को कहा जा रहा था। जांच में सामने आया है कि शिक्षक ने स्वयं 1 हजार रुपये देकर भस्म आरती दर्शन किए थे और इसी दौरान एक अज्ञात दलाल के झांसे में आकर कमीशन के लालच में अपना नंबर रील में साझा कर दिया था।

सोशल मीडिया रील से खुला फर्जीवाड़े का खेल

पूरा मामला उस समय प्रकाश में आया जब इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक मोबाइल नंबर के साथ भस्म आरती बुकिंग संबंधी रील प्रसारित हुई। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा इस प्रकार का कोई भी विज्ञापन या रील जारी नहीं की जाती है। मंदिर की छवि धूमिल करने और श्रद्धालुओं से ठगी की आशंका को देखते हुए महाकाल थाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

1 हजार रुपये में पास खरीदकर खुद किए थे दर्शन

पुलिस पूछताछ में हिरासत में लिए गए सरकारी शिक्षक ने अपना नाम निशांत शर्मा निवासी गाजियाबाद बताया है। निशांत करीब तीन महीने पहले उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने आया था। जब वह भस्म आरती के लिए सामान्य कतार में लगा तो उसे पास नहीं मिल सका। इसी दौरान एक अनजान शख्स ने उससे संपर्क किया और 1 हजार रुपये के बदले भस्म आरती दर्शन पास उपलब्ध कराने की बात कही। निशांत ने उस व्यक्ति को पैसे दे दिए और आसानी से भस्म आरती के दर्शन कर लिए।

कमीशन के लालच में बना ठगों का मोहरा

दर्शन कराने वाले उसी अज्ञात व्यक्ति ने निशांत को प्रलोभन दिया कि वह अपने मोबाइल से भस्म आरती बुकिंग की रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करे। दलाल ने कहा था कि रील देखकर जो भी श्रद्धालु संपर्क करें, उन्हें हमारा मोबाइल नंबर दे देना और इसके बदले उसे मोटा कमीशन मिलेगा। निशांत उसके झांसे में आ गया और रील पोस्ट कर दी। कुछ ही दिनों में देश भर से श्रद्धालु उसके नंबर पर संपर्क करने लगे। बुकिंग के नाम पर श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से रुपये भेजते थे, लेकिन यह पूरी राशि निशांत के खाते में जाने के बजाय सीधे मुख्य दलालों के बैंक खातों में ट्रांसफर हो रही थी।

2 से 5 हजार रुपये तक वसूलते थे दलाल

सोशल मीडिया पर प्रचारित नंबर पर संपर्क करने वाले श्रद्धालुओं से दलाल मनमानी रकम वसूलते थे। यदि कोई अकेला व्यक्ति बुकिंग के लिए संपर्क करता तो उससे 5 हजार रुपये तक लिए जाते थे, जबकि दो या उससे अधिक लोगों का समूह होने पर प्रति व्यक्ति 2 हजार रुपये से लेकर 5 हजार रुपये के बीच सौदा तय किया जाता था। दलालों की नीति थी कि 2 हजार रुपये से ऊपर ग्राहक जितने अधिक दाम पर फंस जाए, उतने में बुकिंग कर दी जाती थी।

तत्काल टिकट की तर्ज पर साइबर एक्सपर्ट कर रहे बुकिंग

पुलिस सूत्रों के अनुसार भस्म आरती के नाम पर सक्रिय इस गिरोह के पीछे कुछ साइबर एक्सपर्ट काम कर रहे हैं। जिस तरह रेलवे में तत्काल आरक्षण के समय सॉफ्टवेयर या तेज गति से टिकट बुक किए जाते हैं, ठीक उसी शैली में ये लोग मंदिर समिति की वेबसाइट खुलते ही कंप्यूटर और एंड्रॉयड मोबाइल के जरिए एक साथ बड़े लॉट में भस्म आरती की बुकिंग कर लेते हैं। इसके चलते सामान्य प्रक्रिया से ऑनलाइन बुकिंग करने वाले आम श्रद्धालु वंचित रह जाते हैं और मजबूरी में दलालों के चंगुल में फंस जाते हैं।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि भस्म आरती बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी करने वाले इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा रहा है। पुलिस टीम उन मुख्य आरोपियों और बैंक खाता धारकों की तलाश में जुटी है, जिनके खातों में ठगी की रकम पहुंच रही थी। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

घर पर हमला, पिस्टल से धमकी और तोड़फोड़ मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

Sun Nov 22 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के मोहन नगर में पुरानी रंजिश के चलते परिवार को पिस्टल दिखाकर धमकाने और वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम सामर्थ्य उर्फ काजू पिता रमेशचन्द्र, उम्र 21 वर्ष, […]
giraftar

Breaking News