उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के मोहन नगर में पुरानी रंजिश के चलते परिवार को पिस्टल दिखाकर धमकाने और वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम सामर्थ्य उर्फ काजू पिता रमेशचन्द्र, उम्र 21 वर्ष, निवासी अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी है, जिसे पुलिस ने पीपलीनाका क्षेत्र से दबोचा है। इस वारदात में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुरानी रंजिश में घर पहुंचकर मचाया था आतंक
पुलिस के अनुसार मोहन नगर निवासी मदनलाल के पुत्र शिवम के साथ पुरानी रंजिश को लेकर लिस्टेड बदमाश अनमोल गुर्जर अपने तीन साथियों के साथ उसके घर पहुंचा था। आरोपियों ने वहां पिस्टल और चाकू दिखाकर परिवार के सदस्यों को डराया-धमकाया तथा जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार पर पथराव कर तोड़फोड़ की और वाहन को नुकसान पहुंचाया था।
मुख्य आरोपी अनमोल और हैप्पी की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी और पूर्व में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार सामर्थ्य उर्फ काजू के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस टीम इस मामले के मुख्य आरोपी अनमोल गुर्जर और हैप्पी की लगातार तलाश कर रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
