उज्जैन, अग्निपथ। माकड़ोन थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कड़ोदिया में सोलर प्लांट में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 49 हजार रुपये से अधिक मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है।
15 मेगावाट सोलर प्लांट को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, ग्राम कड़ोदिया स्थित 15 मेगावाट सोलर प्लांट से डीसी कॉपर केबल चोरी होने के संबंध में पिछले महीने प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में एक आरोपी अमीन पिता फकीर मोहम्मद को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसके कब्जे से 1200 मीटर कॉपर केबल बरामद की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत 46 हजार रुपये थी। घटना के बाद से ही शेष आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश की जा रही थी।
घेराबंदी कर नाले के पास से दबोचा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पैतीसा डैम क्षेत्र की ओर तीन संदिग्ध घूम रहे हैं। सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए एसआई हुकुमसिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम जब पैतीसा डैम के पास पहुंची, तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलवंत सिंह पिता केसरसिंह राजपूत (55 वर्ष), देवेंद्र पिता विक्रमसिंह राजपूत (27 वर्ष) दोनों निवासी कड़ोदिया और समीर पिता नबीखां (20 वर्ष) निवासी बागरी मोहल्ला के रूप में हुई है।
नाले में छिपाकर रखी थी 1300 मीटर केबल
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी किया गया माल पैतीसा डैम क्षेत्र के पास एक नाले में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बताए गए स्थान से 1300 मीटर डीसी कॉपर केबल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 49 हजार 400 रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
