धार, अग्निपथ। वर्ष 2024 की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा घोषित ‘केंद्रीय गृहमंत्री अति-उत्कृष्ट सेवा पदक’ एवं ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से धार जिले के तीन पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया है। अति-उत्कृष्ट सेवा पदक से यातायात थाना धार के कार्यवाहक उप निरीक्षक अजितसिंह कुशवाह तथा सहायक उप निरीक्षक राम सिंह गौर को विभूषित किया गया। वहीं, विशेष शाखा धार के निरीक्षक प्रेम सिंह रावत को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। यह सम्मान इन अधिकारियों के कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का प्रमाण है।
विशेष रूप से, एसआई अजितसिंह कुशवाह को मिला यह पदक उनकी 41 वर्षों की निष्कलंक और जनसेवा को समर्पित नौकरी का स्वर्णिम प्रतिफल है। यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखना एक चुनौतीपूर्ण दायित्व है, जिसे कुशवाह ने पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उन्होंने तपती धूप, मूसलाधार बारिश और त्योहारों की भारी भीड़ के बीच भी सड़क सुरक्षा के प्रति अपने धर्म का निर्वहन किया। जाम खुलवाने में तत्परता और दुर्घटनाओं की रोकथाम में उनकी सजगता सराहनीय रही है।
अजितसिंह कुशवाह की कार्यशैली की विशिष्ट पहचान सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरण और आमजन के साथ उनका सौम्य व्यवहार रहा है। पुलिस विभाग के इन अधिकारियों को मिले इस सम्मान से पूरे जिले के पुलिस बल में हर्ष व्याप्त है। यह पदक न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि विभाग के लिए भी गौरव का विषय है।
00000
