सीहोर, अग्निपथ। सीहोर नगरपालिका के सामाजिक न्याय विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह सम्मेलन का भव्य आयोजन स्थानीय पीजी कॉलेज मैदान पर किया गया। इस सामूहिक आयोजन में कुल 200 जोड़े एक साथ अपने नए जीवन के सफर पर निकले। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सद्भाव का अनूठा संगम देखने को मिला।
वैदिक मंत्रोच्चार और निकाह की रस्में एक साथ
आयोजन के दौरान 124 हिंदू जोड़ों का विवाह पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। वहीं, इसी पंडाल में 76 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पूरी धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नपाध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर, सीएमओ सुधीर सिंह और सामाजिक न्याय विभाग के सीओ महेश यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
सामाजिक समरसता और एकता की मिसाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नपाध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर ने अपने संबोधन में योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी योजना समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने में सफल रही है। वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस सेवा कार्य को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। श्री राठौर ने इसे हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बताते हुए कहा कि एक ही पंडाल में विभिन्न वर्गों का एक साथ विवाह बंधन में बंधना देश के सामाजिक ताने-बाने को मजबूती प्रदान करता है।
नवदंपत्तियों को भेंट और सहायता राशि का वितरण
नपाध्यक्ष ने अपनी ओर से सभी 124 हिंदू नवविवाहित जोड़ों को ‘श्रीमद् भागवत गीता’ की प्रति भेंट की। इसके साथ ही शासन की योजना के नियमानुसार सभी 200 जोड़ों को 49,000 रुपये के चेक वितरित किए गए। आयोजन के अंत में सभी उपस्थित जनों और अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर सीहोर विधायक सुदेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र मेवाड़ा, भाजपा जिला महामंत्री पंकज गुप्ता और नपा उपाध्यक्ष विपिन सास्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा सामाजिक न्याय विभाग के सभापति नरेंद्र राजपूत, पार्षद आशीष गहलोत, कमलेश राठौर, मुकेश मेवाड़ा, लोकेंद्र वर्मा, इरफान खान लाला सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
