लापरवाही पर कड़ा प्रहार: कलेक्टर ने दिए दो शिक्षकों को निलंबित करने और चार की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश

निलंबित, suspend, निलंबन

शाजापुर, अग्निपथ। कलेक्टर ऋजु बाफना ने शिक्षा की गुणवत्ता और मिशन अंकुर (FLN) गतिविधियों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध सख्त रुख अख्तियार किया है। जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट प्रदर्शन नहीं करने वाले दो शिक्षकों को निलंबित करने और चार शिक्षकों की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि बच्चों के शैक्षणिक स्तर से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

शैक्षणिक स्तर कमजोर होने पर गिरी गाज

कलेक्टर बाफना ने समीक्षा के दौरान पाया कि शाजापुर विकासखंड के एकीकृत माध्यमिक विद्यालय नीमवाड़ी के शिक्षक रमेश मालवीय की उपस्थिति कम है और छात्रों का स्तर भी अत्यंत कमजोर है, जिसके चलते उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर निलंबित करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार मोमन बड़ोदिया के शा.प्रा.वि. माधवपुर के शिक्षक केशरसिंह पागरिया को भी लापरवाही पर निलंबित करने के आदेश दिए गए। वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई में शासकीय प्रा.वि. टिगरीया के शिक्षक महेश उपाध्याय, एकीकृत मा.वि. कनरदीपुर के शिक्षक राजेंद्र विश्वकर्मा, शुजालपुर के शिक्षक गनी खान और रफीक खान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कई अन्य शिक्षकों को 15 दिन के भीतर सुधार न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

एचपीवी टीकाकरण के लिए शिक्षकों को सौंपी जिम्मेदारी

कलेक्टर ने बैठक में स्वास्थ्य के गंभीर विषय पर भी चर्चा की। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ‘एचपीवी’ वैक्सीन लगवाने हेतु पालकों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण हैं, वे पालकों को समझाएं कि यह महंगी वैक्सीन शासन द्वारा निशुल्क लगाई जा रही है और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है।

गुणवत्ता सुधार हेतु मिशन अंकुर की समीक्षा

बैठक में कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों की भाषा एवं गणित दक्षता का विकासखंडवार विश्लेषण किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जनशिक्षक वीडियो कॉल के माध्यम से स्कूलों का अवलोकन करें और मासिक ट्रैकर में केवल वास्तविक डाटा ही दर्ज करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा चौहान, डीईओ राजेंद्र शिप्रे और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

चरक अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: अव्यवस्थाओं पर भड़के, 4 डॉक्टरों का वेतन काटा

Thu Mar 12 , 2026
सुरक्षा एजेंसी पर लगाया भारी जुर्माना उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन जिले के सबसे बड़े चरक अस्पताल में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब कलेक्टर रोशन कुमार सिंह अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं को देखकर कलेक्टर ने अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। […]
charak hospital चरक अस्पताल

Breaking News