फार्मासिस्ट के घर हाथ साफ करने वाली नौकरानी गिरफ्तार: 15 ग्राम का मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी बरामद

उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के माधव क्लब रोड पर रहने वाली एक महिला फार्मासिस्ट के घर हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घर की सफाई करने वाली नौकरानी ने ही विश्वासघात करते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गया 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र और पूर्व में चोरी की गई सोने की अंगूठी बरामद कर ली है।

अलमारी की दराज से उड़ाया था मंगलसूत्र

नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि गिरिराज हेरिटेज, माधव क्लब रोड निवासी स्वाति मिश्रा ने 10 मार्च 2026 को थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। स्वाति मिश्रा जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी की रात उन्होंने अपना 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र ड्रेसिंग रूम की दराज में रखा था, जो 7 मार्च की रात वहां से गायब मिला।

कड़ाई से पूछताछ में खुला राज

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके घर में नवंबर 2025 से वर्षा पांडे निवासी महालक्ष्मी नगर, नागझिरी घरेलू कामकाज के लिए आ रही है। उसके अलावा घर में किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं था। स्वाति ने यह भी जानकारी दी कि दिसंबर 2025 में भी उनके घर से 8 ग्राम की सोने की अंगूठी इसी तरह गायब हुई थी, जिसकी उन्होंने तब रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर नौकरानी वर्षा पांडे को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

रिमांड के दौरान अंगूठी भी बरामद

शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला ने मंगलसूत्र चोरी करना स्वीकार किया, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि दिसंबर में अंगूठी भी उसी ने चुराई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 8 ग्राम की सोने की अंगूठी भी बरामद कर ली है। पुलिस आज आरोपी महिला को पुनः न्यायालय में पेश करेगी।

Next Post

विक्रम उत्सव 2026: उज्जैन में सजेगा अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का मंच

Thu Mar 12 , 2026
 25 से अधिक देश होंगे शामिल उज्जैन, अग्निपथ। विक्रम उत्सव 2026 के अंतर्गत कालिदास अकादमी के अभिरंग सभागार में 13 से 17 मार्च 2026 तक अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव ‘इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ एंशिएंट स्लेंडर’ (प्राचीन वैभव का अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव) आयोजित किया जा रहा है। यह महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे […]

Breaking News