धार, अग्निपथ। धार जिले की धरमपुरी तहसील अंतर्गत धामनोद थाना क्षेत्र के खलघाट हाईवे पर रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने आतंक मचाते हुए एक परिवार को अपना निशाना बनाया। इंदौर निवासी मनोज गुप्ता का परिवार महाराष्ट्र के त्र्यम्बकेश्वर मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहा था, तभी सुनसान क्षेत्र में बदमाशों ने कार पर हमला कर महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। वारदात के दौरान बदमाशों ने धारदार हथियारों और पत्थरों से कार के कांच भी फोड़ दिए, जिससे परिवार के सदस्य घायल हुए हैं।
कार बंद होते ही खेतों से निकले हथियारबंद बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी मनोज गुप्ता अपनी पत्नी संगीता गुप्ता, बेटी आशी और बेटे अथर्व के साथ कार (एमपी-09 डब्लूबी-4522) से इंदौर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे खलघाट टोल प्लाजा से कुछ आगे बढ़ने पर कार की गति अचानक कम हो गई और वह बंद हो गई। चालक अथर्व ने जैसे ही कार सड़क किनारे लगाई, तभी खेतों से 5-6 अज्ञात बदमाश बाहर निकल आए। बदमाशों के हाथों में लकड़ी के डंडे और फालिया जैसे धारदार हथियार थे।
कांच फोड़कर की लूटपाट, हमले में घायल हुआ परिवार
बदमाशों ने कार के दरवाजे खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर उन्होंने फालिए और पत्थरों से कार के तीनों कांच फोड़ दिए। इस हमले में कांच के टुकड़े लगने से मनोज गुप्ता के हाथ की कलाई में चोट आई है। वहीं, बदमाशों ने खिड़की से हाथ डालकर संगीता गुप्ता के गले से सोने की चेन छीन ली, जिससे उनके गले में भी खरोंच आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकले।
पुलिस ने शुरू की लुटेरों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी मोनिका गुप्ता और गश्ती टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की विस्तृत जानकारी ली है। एसडीओपी ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और क्षेत्र के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरे कानून की गिरफ्त में होंगे।
