उज्जैन में मौसम ने बदली करवट, तेज बारिश से विक्रमोत्सव के कार्यक्रमों में पड़ा खलल

उज्जैन, अग्निपथ। धार्मिक नगरी उज्जैन में गुरुवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर की तेज धूप और उमस के बाद शाम को आसमान में काली घटाएं छा गईं और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। इस बेमौसम बारिश ने जहां शहरवासियों को गर्मी से राहत दिलाई, वहीं विश्व प्रसिद्ध ‘विक्रमोत्सव’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में व्यवधान पैदा कर दिया।

रामघाट और दत्त अखाड़ा क्षेत्र में मची अफरातफरी

विक्रमोत्सव के तहत गुरुवार को सृष्टि आरंभ दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध गायक विशाल मिश्रा की प्रस्तुति, भव्य ड्रोन शो और आकर्षक आतिशबाजी का आयोजन होना था। कार्यक्रम स्थल राणोजी की छतरी, रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर बड़ी संख्या में लोग कुर्सियों पर अपना स्थान जमा चुके थे। शाम करीब 7 बजे जैसे ही तेज बारिश शुरू हुई, घाटों पर अफरातफरी की स्थिति बन गई और लोग भीगने से बचने के लिए कुर्सियां छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। बारिश के कारण पूरा घाट परिसर जलमग्न हो गया और सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र की बिजली भी बंद करनी पड़ी।

तापमान में गिरावट और बिजली गुल

मौसम में आए इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे अधिकतम पारा 34 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह तापमान 37 डिग्री तक पहुँच गया था। हालांकि, बादलों के कारण बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से बढ़कर 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के कारण शहर की कई कॉलोनियों में बिजली गुल होने से लोगों को असुविधा का सामना भी करना पड़ा।

अगले 48 घंटों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उज्जैन जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। साथ ही तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी से राहत बरकरार रहने की उम्मीद है।

Breaking News