पोलायकला, अग्निपथ। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित शिवालय के सामने माली की बाड़ी के जंगल में शुक्रवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान अचानक हड़कंप मच गया। भेरू महाराज के पूजन के दौरान मधुमक्खियों ने एक परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए पोलायकला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।
अगरबत्ती के धुएं से भड़कीं मधुमक्खियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवास जिले के गनोरा निवासी एक परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ पोलायकला में भेरू महाराज के पूजन के लिए आया था। दल में कुल 15 महिला-पुरुष और 6 बच्चे शामिल थे। जंगल में एक पेड़ के नीचे भोजन बनाने और पूजन की तैयारी चल रही थी। जैसे ही श्रद्धा भाव से अगरबत्ती जलाई गई, उससे निकलने वाला धुआं पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते तक पहुँच गया। धुएं से विचलित होकर मधुमक्खियों ने झुंड बनाकर नीचे मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया।
घायलों में महिलाएं और युवक शामिल
मधुमक्खियों के इस अचानक हमले से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में 18 वर्षीय राज पिता रामनिवास, 32 वर्षीय मीना पति रामप्रसाद, 35 वर्षीय गायत्री बाई पति रामनिवास और 40 वर्षीय रामनिवास पिता रामगोपाल बुरी तरह घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद की टीम और डायल 112 की सक्रियता से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
अवकाश के दिन भी तत्पर रहा स्वास्थ्य अमला
विशेष बात यह रही कि शुक्रवार को शासकीय अवकाश होने के बावजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर उमर फारूक शाह ने पूरी तत्परता दिखाई। उन्होंने समय रहते घायलों को अटेंड किया और उनका उचित उपचार शुरू किया। इस राहत कार्य में नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार और विनोद उपलावदिया के साथ डायल 112 की टीम का सराहनीय सहयोग रहा। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई।
