उज्जैन में मौसम का मिजाज बदला, तेज हवाओं के साथ गिरी बौछारें

उज्जैन, अग्निपथ। सोमवार को मौसम ने अचानक अपनी करवट बदल ली। प्रदेश के कई शहरों में तेज बारिश और ओले गिरने के बाद उज्जैन में भी बादलों ने डेरा डाल दिया और झमाझम बरस पड़े। उज्जैन सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने के कारण फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम अगले 3 से 4 दिनों तक सक्रिय बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी, पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आया है। उज्जैन में शाम से बादल छाने के बाद बिजली कड़कने के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। यह सिस्टम 30 मार्च से प्रभावी होकर 2 अप्रैल तक बना रहेगा। जिले के बड़नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मार्च में चौथी बार बदला मौसम का मिजाज

मार्च के महीने में गर्मी की शुरुआत के साथ ही मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। पहले पखवाड़े में तेज गर्मी के बाद दूसरे पखवाड़े में बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगातार 4 दिनों तक चला। इस दौरान प्रदेश के 45 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश हुई और 17 जिलों में ओले गिरे, जिससे गेहूं, पपीता और केले की फसलें बर्बाद हो गईं। अब रविवार से शुरू हुआ यह चौथा दौर अप्रैल के पहले सप्ताह में भी अपना असर दिखाएगा।

फरवरी में भी चार बार हुई ओलावृष्टि

इस साल फरवरी में भी मौसम का मिजाज चार बार बदला था। शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रहा, जिसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल अप्रैल और मई के महीने में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी और उज्जैन संभाग में तापमान काफी ऊंचा रहेगा।

तेज हवाओं के साथ ओलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता

सोमवार शाम करीब 8:30 बजे तेज बारिश के साथ ओले गिरने की शुरुआत हुई। हालांकि यह दौर कुछ ही देर चला, लेकिन खेतों में कटाई के इंतजार में खड़ी फसलों को इससे काफी नुकसान पहुँचा है। बेमौसम हुई इस बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसान सकते में हैं, क्योंकि कई जगह फसल कटने के बाद खेतों में ही पड़ी हुई है। सोमवार को दिन का तापमान 37 डिग्री तक पहुँच गया था, वहीं रात के तापमान में ढाई डिग्री की गिरावट के साथ यह 19.5 डिग्री दर्ज किया गया।

Next Post

उज्जैन के एमआर से एमबीबीएस एडमिशन के नाम पर 4.25 लाख की ठगी

Mon Mar 30 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा क्षेत्र में रहने वाले एक एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) को उनके बेटे के एमबीबीएस एडमिशन का झांसा देकर अज्ञात जालसाजों ने 4.25 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने खुद को बिहार के कटिहार मेडिकल कॉलेज का प्रिंसिपल बताकर फर्जी अलॉटमेंट लेटर तक जारी कर दिया। शिकायत […]

Breaking News