पेटलावद, अग्निपथ। थान्दला मार्ग पर एक किराने की दुकान की आड़ में अवैध शराब का धंधा धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि दुकानदार दिन-रात किराने के सामान के साथ-साथ अवैध रूप से शराब बेच रहा है। स्थिति यह है कि ग्राहक खुलेआम आते-जाते हैं और बिना किसी डर के यहां से शराब खरीदकर ले जाते हैं।
मुख्य सड़क के पास बेखौफ संचालन
सूत्रों के अनुसार, यह दुकान मुख्य सड़क से कुछ ही दूरी पर स्थित है, जहां किराने की दुकान की आड़ में बेखौफ होकर अवैध शराब बेची जा रही है। कई बार स्थानीय युवाओं और आसपास के गांवों के लोगों को यहां से शराब ले जाते हुए देखा गया है। कुछ लोगों का तो यहां तक कहना है कि यह अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा है और पुलिस व आबकारी विभाग को इसकी भली-भांति जानकारी है, इसके बावजूद कार्रवाई न होना मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
हाईवे के ढाबों पर भी पैठ
पेटलावद क्षेत्र में पहले भी अवैध शराब की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बदनावर-थान्दला हाईवे पर स्थित कई होटलों और ढाबों पर भी खुलेआम अवैध शराब बिक्री का व्यवसाय फल-फूल रहा है। पुलिस द्वारा कभी-कभार प्रतीकात्मक कार्रवाई जरूर की जाती है, लेकिन ऐसी “काम चलाऊ” कार्रवाई से इन अवैध शराब माफियाओं के हौसले पस्त नहीं हो रहे हैं।
निवासियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर प्रशासन से मांग की है कि इस दुकान पर तुरंत छापामार कार्रवाई की जाए और अवैध शराब जब्त कर सख्त कदम उठाए जाएं। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जिस तरह से अवैध शराब का धंधा बढ़ रहा है, उससे क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ भी तेजी से ऊपर जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन ठिकानों पर नकेल नहीं कसी गई, तो युवा पीढ़ी नशे की गर्त में डूब जाएगी।
