फर्जी जीएसटी और झांसे का खेल: रेहटी पुलिस ने दबोचा अंतर्राज्यीय ठग गिरोह

giraftar

सीहोर, अग्निपथ। सीहोर पुलिस ने संगठित अपराधों के विरुद्ध जारी अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। रेहटी पुलिस ने मक्का खरीदी के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के कुशल निर्देशन में गठित टीम ने दिल्ली और रायपुर से जुड़े इस गिरोह के तीन प्रमुख सदस्यों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

मक्का की फसल और फर्जी दस्तावेजों से ठगी

मामले का खुलासा तब हुआ जब फरियादी पंकज चंद्रवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपियों ने फर्जी जीएसटी दस्तावेजों का सहारा लेकर करीब 6500 क्विंटल मक्का की फसल खरीदी। आरोपियों ने भरोसे में लेकर माल तो उठवा लिया, लेकिन जब भुगतान की बारी आई, तो वे बिना पैसे दिए चंपत हो गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

विश्वास जीतकर देते थे वारदात को अंजाम

पकड़े गए आरोपियों में विनोद कुमार (रायपुर), मनोज कुमार (दिल्ली) और राजेश चवारे (रायपुर) शामिल हैं। पूछताछ में इनका चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। ये ठग पहले ब्रोकर बनकर व्यापारियों से संपर्क करते थे और शुरुआत में छोटी मात्रा में माल खरीदकर समय पर भुगतान करते थे। एक बार जब व्यापारी का अटूट विश्वास जीत लिया जाता, तब ये बड़ी खेप मंगवाते और मोबाइल बंद कर गायब हो जाते थे।

आधा दर्जन राज्यों में फैला था जाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के तार केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली तक फैले हुए हैं। कई राज्यों में इनके खिलाफ धोखाधड़ी और चेक बाउंस के मामले दर्ज हैं। निरीक्षक राजेश कहारे और उनकी टीम की इस तत्परता ने न केवल स्थानीय व्यापारियों को राहत दी है, बल्कि एक बड़े नेटवर्क को भी ध्वस्त किया है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Next Post

पन्नी से ढके वाहन में ठूंस रखे थे गोवंश, लकड़ी तस्करी का भी खुलासा

Tue Apr 21 , 2026
सीहोर, अग्निपथ। आष्टा के सिद्धिकगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात के अंधेरे में की जा रही अवैध गो-तस्करी और लकड़ी परिवहन के बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से गोवंश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही […]

Breaking News