उज्जैन, अग्निपथ। पवित्र नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आगामी सोमवार, 17 अगस्त 2026 को नागपंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर साल में केवल एक बार खुलने वाले भगवान श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट 16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जो 17 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक निरंतर 24 घंटे खुले रहेंगे। इस बार नागपंचमी के साथ ही श्रावण मास का तृतीय सोमवार भी होने से भगवान श्री महाकाल की भव्य सवारी भी नगर भ्रमण पर निकलेगी। इस दोहरे धार्मिक संयोग के कारण नगर में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है।
प्रथम पूजन महानिर्वाणी अखाड़े द्वारा, त्रिकाल महापूजा का रहेगा विधान
भगवान श्री नागचंद्रेश्वर का प्रथम पूजन महंत पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा द्वारा 16 अगस्त की रात्रि 11:30 बजे से शुरू होकर पट खुलने के समय तक संपन्न होगा। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे परंपरागत शासकीय पूजन आयोजित किया जाएगा तथा सायं काल की आरती के समय मंदिर के पुजारियों एवं पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न होगा।
त्रिनेत्र हॉल में उच्चस्तरीय बैठक, प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी
पर्व की व्यापक व्यवस्थाओं को लेकर श्री महाकाल महालोक स्थित त्रिनेत्र सभा कक्ष में प्रशासकीय अधिकारियों एवं अखाड़ा प्रतिनिधियों की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक तथा महंत विनीत गिरि जी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के व्यापक प्रबंधों की रूपरेखा तय की गई। कलेक्टर ने पेयजल, पार्किंग, प्रकाश, चिकित्सा तथा साफ-सफाई के चाक-चौबंद इंतजाम समय सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
भक्तों की सुविधा हेतु सुदृढ़ यातायात और सेवा व्यवस्था
लाखों की संख्या में आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों और भारी पुलिस बल की तैनाती रहेगी। श्रद्धालुओं को सुगमता से लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराने के लिए हरसिद्धि पाल, भील समाज धर्मशाला तथा कर्कराज पार्किंग पर अस्थायी काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, एंबुलेंस सेवाएं, व्हीलचेयर सुविधा, अस्थायी पूछताछ केंद्र और अग्निशमन दल को विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर तैनात किया जाएगा।
प्रमुख स्थानों पर वृहद पार्किंग व्यवस्था
शहर में बाहरी वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने और सुचारू यातायात के लिए चार प्रमुख पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। इनमें हरिफाटक पुल के समीप मेघदूत पार्किंग, कर्कराज महादेव मंदिर के समीप पार्किंग स्थल, कार्तिक मेला ग्राउंड तथा बड़नगर रोड स्थित धन उपार्जन केंद्र शामिल हैं, जहाँ से श्रद्धालु पैदल मार्गों से होकर मंदिर प्रांगण तक पहुँच सकेंगे।
Continue using AI Cursor?Keep it onTurn Off

