उज्जैन स्वास्थ्य विभाग ने जारी की प्रमोशन लिस्ट

charak hospital चरक अस्पताल

प्रशासनिक लेटलतीफी के बाद कर्मचारियों को राहत

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के स्वास्थ्य विभाग ने लंबे समय से अटकी अपने कर्मचारियों की प्रमोशन लिस्ट आखिरकार मंगलवार को जारी कर दी है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर एक विशेष पहल की गई थी, जिसके तहत संपूर्ण प्रक्रिया को पूरा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी। हालांकि, प्रशासनिक ढिलाई और विभागीय तालमेल की कमी के कारण यह प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी थी। अब प्रमोशन लिस्ट जारी होने से संबंधित कैडर के कर्मचारियों में संतोष देखा जा रहा है।

दस्तावेजों के पेंच में फंसा रहा पदोन्नति का मामला

सूत्रों के अनुसार, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य विभाग उज्जैन ने समय रहते सिविल सर्जन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से कर्मचारियों से संबंधित दस्तावेज तलब किए थे। इसके बावजूद, स्थापना शाखा प्रभारियों द्वारा कागजात भेजने में काफी लेटलतीफी की गई। इस देरी के कारण प्रमोशन समिति अपनी निर्धारित बैठक आयोजित नहीं कर सकी। लंबे पत्र-व्यवहार के बाद जब कर्मचारियों की फाइलें क्षेत्रीय संचालक कार्यालय भेजी गईं, तब उनमें शैक्षणिक योग्यता से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे। इसके चलते मामला एक बार फिर से अधर में लटक गया।

दोबारा मांगे गए कागज, फिर बनी सहमति

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने पुन: सिविल सर्जन और सीएमएचओ कार्यालय को निर्देश देकर शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज मंगवाए। सभी औपचारिकताएं और कागजी कार्रवाई पूर्ण होने के बाद प्रमोशन समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति द्वारा गहन समीक्षा और पात्रता की जांच के पश्चात मंगलवार को विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी करने का निर्णय लिया गया।

इन संवर्गों को मिला लाभ, कई की सूची अभी बकाया

मंगलवार को विभाग द्वारा एलएचवी, नेत्र सहायक, स्टोरकीपर, सीनियर रेडियोग्राफर, लैब टेक्निशियन, रेडियोग्राफर तथा फार्मासिस्ट वर्ग की प्रमोशन लिस्ट जारी कर दी गई है। हालांकि, कुछ संवर्गों के कर्मचारियों को अभी भी अपनी सूची का इंतजार करना होगा। इनमें मलेरिया, लेप्रोसी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी होना बाकी है। इसके अतिरिक्त, नर्सों की प्रमोशन लिस्ट राज्य स्तर भोपाल से जारी की जाएगी, जिसके लिए विभागीय प्रक्रिया जारी है।

Continue using AI Cursor?Keep it onTurn Off

Next Post

सुसनेर: कावड़ यात्रा का बदलता स्वरूप: भक्ति के आवरण में शक्ति प्रदर्शन की होड़

Wed Aug 12 , 2026
आस्था और राजनीति का चिंताजनक घालमेल सुसनेर, अग्निपथ। आस्था और धार्मिक निष्ठा की प्रतीक कावड़ यात्रा इस बार सुसनेर में राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की भेंट चढ़ती दिखाई दे रही है। पिछले ११ वर्षों से जो शिवशक्ति कावड़ एवं कलश यात्रा एक निष्पक्ष और एकीकृत धार्मिक आयोजन के रूप में पंचदेहरिया के […]

Breaking News