उज्जैन, अग्निपथ। शहर के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित माधव क्लब के बाहर मंगलवार शाम होटल कारोबारी चंद्रशेखर श्रीवास उर्फ शेखर और दूध व्यवसायी नरेश वासवानी के बीच खूनी संघर्ष हो गया। सालों से चली आ रही आपसी रंजिश के कारण दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शेखर श्रीवास को एसएन कृष्णा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि नरेश वासवानी तेजनकर अस्पताल में उपचाराधीन हैं। बुधवार सुबह व्यवसायी मोहन वासवानी को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शांति पैलेस होटल को लेकर चल रहा पुराना विवाद
श्रीवास और वासवानी परिवार के बीच की लड़ाई पूरे शहर में जगजाहिर है। शांति पैलेस के पीछे स्थित एक प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक कानूनी लड़ाई चली थी, जिसमें श्रीवास पक्ष को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने अवैध निर्माण मानते हुए होटल शांति पैलेस को जमींदोज करने के आदेश दिए थे। इसके बाद नगर निगम ने डिटोनेटर लगाकर इमारत को ध्वस्त कर दिया था। वर्तमान में हरिफाटक बायपास स्थित होटल की जमीन खाली है, जहां तीन अस्थायी रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं। इसी रंजिश के कारण दोनों परिवारों में तनातनी चली आ रही थी।
उठावने के कार्यक्रम से बढ़ा तनाव
दोनों पक्षों के बीच काफी समय से घूराघारी चल रही थी। लगभग दो महीने पहले गोरकर परिवार के उठावने में भी विवाद की स्थिति बनी थी। उस समय उपस्थित लोगों की मध्यस्थता से मामला शांत कराया गया था, लेकिन इसके बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव और गहरा गया था।
माधव क्लब के पास आमना-सामना
मंगलवार शाम नरेश वासवानी माधव क्लब के पास किसी परिचित से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान शेखर श्रीवास से उनका सामना हो गया। पहले दोनों के बीच घूरने को लेकर बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। इसके बाद शेखर श्रीवास नीलगंगा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्हें चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे एसएन कृष्णा अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा भी अस्पताल पहुंचे।
परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि मारपीट की घटना में चंद्रशेखर श्रीवास की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष की ओर से अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। माधव क्लब के सचिव कैलाश माहेश्वरी के अनुसार पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। पुलिस फुटेज देखकर घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
आरोप-प्रत्यारोप
चाकू से हमला कर सिर पर मारी मुठिया
पापा क्लब से बाहर आ रहे थे, तभी नरेश ने उन्हें घूरा। विरोध करने पर नरेश ने चाकू से गाल पर हमला कर दिया और सिर पर मुठिया मार दी।
सुशील श्रीवास, पार्षद (शेखर श्रीवास के बेटे)
पुरानी रंजिश में की गई मारपीट
होटल तोड़े जाने के बाद से शेखर रंजिश रखता है। मंगलवार को जब नरेश किसी काम से गए थे, तब शेखर ने उनके साथ मारपीट की, जिससे हाथ और सीने में चोट आई है।
मोहन वासवानी (नरेश वासवानी के पिता)
एक पक्ष की दर्ज हुई रिपोर्ट
चंद्रशेखर श्रीवास और नरेश वासवानी के बीच मारपीट की घटना हुई थी। शेखर श्रीवास की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
तरुण कुरील, टीआई नीलगंगा

