उज्जैन, अग्निपथ। चलती ट्रेन में यात्री का मोबाइल उड़ाने वाले आरोपी को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मुस्तैदी दिखाते हुए धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके कब्जे से चोरी गया कीमती मोबाइल बरामद कर लिया गया है। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
ट्रेन संख्या 22191 ओवरनाइट एक्सप्रेस के जनरल कोच में 30 जून को यात्री शरद जाटव का आईक्यूओओ जेड9 लाइट मोबाइल अकोदिया स्टेशन के आगे चोरी हो गया था। शिकायत दर्ज होने के बाद जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जीआरपी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
आरोपी के पास से बरामद हुआ चोरी का मोबाइल
सटीक सूचना के आधार पर 18 सितंबर को जीआरपी ने दमोह निवासी 53 वर्षीय आरोपी राजेंद्र कुमार प्यासी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी हुआ 14,500 रुपये मूल्य का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
आपराधिक इतिहास और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इस पूरी सफलता में थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ टीम का विशेष योगदान रहा।

