उज्जैन, अग्निपथ। पंवासा थाना क्षेत्र अंतर्गत मक्सी रोड गरोठ पुलिया पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक्टिवा सवार युवक की असमय मौत हो गई। सेठी नगर निवासी लक्की धाकड़ और रामा लोहार अपने साथी छाया नगर निवासी शैलेंद्र कुशवाह के साथ करौंदिया स्थित शराब दुकान पर गए थे। तीनों दोस्तों ने वहां शराब का सेवन किया और इसके बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गरोठ पुलिया के समीप शैलेंद्र की एक्टिवा को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचते ही मौत की खबर पर भड़के परिजन
घटना के तुरंत बाद साथी लक्की और रामा लोहार गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक शैलेंद्र की सांसें थम चुकी थीं और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। शैलेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिजन आपा खो बैठे और उन्होंने अस्पताल लेकर आए दोस्त लक्की धाकड़ के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए लक्की के जीजा मनीष तंवर के साथ भी परिजनों ने जमकर मारपीट की।
अस्पताल में हंगामे के बाद पहुंची पुलिस, कार जब्त
अस्पताल परिसर में मारपीट और हंगामे की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और मृतक के शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया। इसके बाद पंवासा थाना पुलिस घायल मनीष और लक्की को थाने ले गई। पुलिस टीम ने तत्काल दुर्घटनास्थल का मुआयना किया और हादसे में शामिल उत्तर प्रदेश पासिंग की कार को जब्त कर लिया। कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पोल्ट्री फार्म खोलने की तैयारी में जुटा था मृतक
मंगलवार सुबह पुलिस ने मृतक शैलेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि मृतक शैलेंद्र अपना स्वयं का पोल्ट्री फार्म खोलने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इस दुखद हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
