भोपाल, अग्निपथ। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित सीएम यूथ कॉनक्लेव-2026 के भव्य मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के युवाओं के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया। युवाओं के विशाल जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 को संपूर्ण मध्यप्रदेश में “युवा वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की एक नहीं, बल्कि दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 कौशल विश्वविद्यालय होंगे शुरू
प्रदेश में युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक योजना बनाई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं के कौशल उन्नयन (स्किल अपग्रेडेशन) पर केंद्रित 12 नए विश्वविद्यालय आरंभ किए जाएंगे, जो पूरी तरह रोजगारपरक पाठ्यक्रमों पर आधारित होंगे।
इस योजना के माध्यम से प्रदेश के लगभग एक लाख युवाओं को सीधे तौर पर स्किल डेवलपमेंट से जोड़ा जाएगा। युवा वर्ष 2027 के लिए एक विशेष पोर्टल भी लॉन्च किया जाएगा, जहां युवा अपने विचार और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
निःशुल्क कोचिंग, एआई लैब और शोधार्थियों की छात्रवृत्ति में वृद्धि
उच्च शिक्षा को आधुनिक और सर्वसुलभ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, विद्यार्थियों के बेहतर प्लेसमेंट के लिए विशेष एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। स्नातकोत्तर (पीजी) की छात्राओं को अब ‘गांव की बेटी’ और ‘प्रतिभा किरण’ योजना का लाभ मिलेगा।
सभी सरकारी कॉलेजों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और एडवांस कंप्यूटिंग लैब स्थापित होंगी। उच्च शिक्षा में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए शोधार्थियों की मासिक प्रोत्साहन राशि को 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान किया गया।
स्टार्टअप्स के लिए 5 करोड़ का आइडिया फंड और कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल
युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य स्तर पर 5 करोड़ रुपये का ‘आइडिया फंड’ गठित किया जाएगा। साथ ही, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 500 नई इकाइयां गठित की जाएंगी और हर संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में पुनः ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होगा, जिससे रोजगार के ढेरों अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम है और सरकार चाहती है कि यहां के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।
रोबोट ‘बडी’ के साथ कदमताल और सीएम यूथ कॉनक्लेव में जुबिन नौटियाल की संगीतमय शाम

सीएम यूथ कॉनक्लेव 2026 के दौरान तकनीक और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एआई रोबोट ‘बडी’ से हाथ मिलाया और उसके साथ कदमताल की। वहीं, मशहूर पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर युवा झूम उठे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत ‘मध्य प्रदेश सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का पंजीकरण भी शुरू किया। इस दौरान लाल परेड ग्राउंड पर युवाओं के करियर, मानसिक स्वास्थ्य, स्टार्टअप और योग पर आधारित विभिन्न स्टॉल्स लगाए गए थे।
‘बड़े भाई’ की भूमिका में संवाद, विद्यार्थियों के सवालों के दिए सीधे जवाब
कार्यक्रम की सबसे खास बात मुख्यमंत्री का सहज अंदाज रहा। वे मंच छोड़कर रैंप पर चलते हुए छात्रों के बीच पहुंचे, उनसे हाथ मिलाया और एक बड़े भाई की तरह सीधा संवाद किया। ओरिएंटल कॉलेज की छात्रा आयशा खान द्वारा कृषि प्रोत्साहन पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और सरकार फूड प्रोसेसिंग व कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को बढ़ावा दे रही है।
एआई और स्टार्टअप पर एलएनसीटी की छात्रा नीशा वारस्कर के प्रश्न पर उन्होंने बताया कि भोपाल में नॉलेज व एआई सिटी और उज्जैन में साइंस सिटी बन रही है। खेल सुविधाओं पर स्कोप ग्लोबल यूनिवर्सिटी के छात्र लक्ष्य श्रीवास्तव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी 230 विधानसभाओं में स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।
सनातन संस्कृति से जुड़े रहने के अपर्णा के सवाल पर उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 में 30 करोड़ श्रद्धालुओं के प्रबंधन के लिए एआई का इस्तेमाल होगा। बुनियादी ढांचे पर अनिकेत तिवारी के सवाल पर उन्होंने बताया कि प्रदेश में हर 150 किलोमीटर पर एयरपोर्ट की सुविधा विकसित की जा रही है। अंत में, नीरा चटर्जी के सवाल का उत्तर देते हुए उन्होंने संकल्प दोहराया कि वर्ष 2029 तक मध्यप्रदेश को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जाएगा।

