लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान उज्जैन में बोले मुख्यमंत्री
उज्जैन, अग्निपथ। सत्ता से बाहर होते ही कांग्रेस देश को अस्थिर करने का प्रयास करने लगती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाती है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पूर्व हुई जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
भारतीय जनता पार्टी नगर एवं ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई यह पदयात्रा शहीद पार्क से शुरू होकर सान्दीपनि चौराहे पर संपन्न हुई। इसमें मुख्यमंत्री के साथ सांसद, विधायक और हजारों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और निष्पक्ष होना बेहद जरूरी है। जनता का विश्वास ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे कांग्रेस कमजोर करने में जुटी है।
दोहरी नीति और मतदाता सूची पर घेराव
डॉ. यादव ने सवाल उठाया कि क्या मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम बने रहने चाहिए या एक व्यक्ति का नाम 5 अलग-अलग स्थानों पर दर्ज होना उचित है। जब निर्वाचन आयोग द्वारा ऐसे नाम हटाकर सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है, तो कांग्रेस विरोध करने लगती है। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केरल में चुनाव जीतने पर उसे यही प्रक्रिया सही लगती है, जबकि बंगाल में हारने पर वह चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। अब यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा।
संविधान संशोधन और सरकारें गिराने का इतिहास
संविधान की दुहाई देने को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और यूपीए सरकार के कार्यकाल तक कांग्रेस ने संविधान में अनेक संशोधन किए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में 90 बार चुनी हुई सरकारों को गिराया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में किसी भी सरकार को गिराने का प्रयास नहीं किया गया।
संसद की गरिमा और विपक्ष को चुनौती
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए डॉ. यादव ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सबसे पवित्र मंच है, जहां विपक्ष को अपनी बात रखनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस नेता संसद के बजाय बाहर बयानबाजी करते हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता का उल्लेख करते हुए कहा कि अटलजी ने अपने आचरण से पद की जो गरिमा स्थापित की थी, आज विपक्ष के नेता उसकी गंभीरता नहीं समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कुछ हजार लोगों को जुटाकर प्रदर्शन करने के बजाय कांग्रेस को जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए।
2029 में भी एनडीए सरकार बनने का विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकारों के जनकल्याणकारी कार्यों की बदौलत आज देश के 80 प्रतिशत से अधिक हिस्से में हमारी सरकारें हैं। उन्होंने कांग्रेस को 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव का इंतजार करने की सलाह देते हुए विश्वास जताया कि 2029 में भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की ही सरकार बनेगी।
जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
पदयात्रा में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, जितेंद्र पंड्या, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, डॉ. सत्यनारायण जटिया, ओम जैन, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मुकेश यादव, आनंदसिंह खींची, कमल बैरवा, राकेश यादव, श्याम शर्मा और अनिल शिंदे सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पदयात्रा प्रभारी जगदीश पांचाल ने किया।

