महाकाल मंदिर: प्रशासक हटाओ, मंदिर बचाओ के नारों से गूंजा कलेक्ट्रेट, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

श्रद्धालुओं से कथित दुव्र्यवहार के विरोध में करणी सेना का प्रदर्शन, प्रशासक प्रथम कौशिक को हटाने सहित छह प्रमुख मांगें

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की व्यवस्थाओं, संतों और श्रद्धालुओं के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा निजी सुरक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर गुरुवार को करणी सेना ने मोर्चा खोल दिया। प्रशासक हटाओ, मंदिर बचाओ’ के नारों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तरणताल से पैदल रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक को तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासक को पद से नहीं हटाया गया तो उन्हें जूते की माला पहनाई जाएगी। प्रदर्शन को देखते हुए दो थानों के टीआई सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

करणी सेना का आरोप है कि महाकाल मंदिर में लगातार सामने आ रहे विवादों और अव्यवस्थाओं से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। मंदिर में आने वाले संतों और श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में दिल्ली से आए चार श्रद्धालुओं के खिलाफ पुलिस प्रकरण दर्ज होने को भी संगठन ने अनुचित बताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अपनी व्यवस्थागत खामियों को छिपाने के लिए श्रद्धालुओं को निशाना बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री का गृह नगर होने के बावजूद जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी इन मामलों में चुप्पी साधे हुए हैं।

नगर अध्यक्ष लव ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज के दर्शन के दौरान कथित अभद्रता, संतों के साथ दुर्व्यवहार, दिल्ली के श्रद्धालुओं पर एफआईआर, निजी सुरक्षा गार्डों की मनमानी और रिश्वतखोरी जैसे मुद्दों को लेकर धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों में नाराजगी है। करणी सेना ने अन्य संगठनों और सर्व हिंदू समाज से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि फिलहाल कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया है, मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

निजी सुरक्षा एजेंसी हटाकर पुलिस को सुरक्षा सौंपने की मांग

ज्ञापन में करणी सेना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था निजी एजेंसी से लेकर पुलिस अथवा विशेष सशस्त्र बल को सौंपने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि निजी सुरक्षा गार्डों की मनमानी, श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार और दर्शन व्यवस्थाओं के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। वीआईपी दर्शन, भस्म आरती और शयन आरती के नाम पर श्रद्धालुओं से कथित रूप से रकम वसूले जाने के मामलों की जांच की मांग भी की गई।

रील कांड और फिल्म निर्माण में गड़बड़ी की जांच की मांग

करणी सेना ने विधायक पुत्र से जुड़े रील कांड में मंदिर के निरीक्षक जगदीश गौड़, प्रहलाद और राजू की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। संगठन का आरोप है कि मामले में जिम्मेदार लोगों को बचाया गया और पूरे प्रकरण में पारदर्शिता नहीं बरती गई।

इसके अलावा मंदिर समिति की ओर से तैयार कराई गई शॉर्ट फिल्म महाआगमन’ के निर्माण और प्रचार-प्रसार में कथित वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई। ज्ञापन में सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया और एक इन्फ्लुएंसर की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। संगठन ने आरोप लगाया कि मंदिर समिति के धन के उपयोग और फिल्म के प्रचार से जुड़े खर्चों की जांच होना चाहिए।

प्रशासक को हटाने की मांग पर अड़े कार्यकर्ता

ज्ञापन में दिल्ली के श्रद्धालुओं पर दर्ज प्रकरण वापस लेने, निजी सुरक्षा एजेंसी के कामकाज की जांच, कथित रिश्वतखोरी पर कार्रवाई, मंदिर की सुरक्षा पुलिस को सौंपने और प्रशासक प्रथम कौशिक को तत्काल हटाकर योग्य अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग की गई। करणी सेना ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में महेंद्र सिंह तंवर, भीम सिंह मांगरोला, शैलेन्द्र सिंह झाला, सुमेर सिंह सिसोदिया, जयराज सिंह लाखहेड़ा, हर्षवर्धन सिंह राठौर, युवराज सिंह ठाकुर, देवेंद्र सिंह सेवारखेड़ी, जीतू सिंह सहित बड़ी संख्या में करणी सेना कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News