अधिकारियों से बोले महापौर, मेरे भी होर्डिंग हों तो हटा दो

बदहाल यातायात का गुस्सा निकलेगा ठेले-गुमटी वालों पर

उज्जैन, अग्निपथ। शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने एवं शहर की सुंदरता को नष्ट करने वाले सभी फ्लेक्स होर्डिंग्स एवं गुमटी ठेले इत्यादि सख्ती के साथ हटा दिए जाए। यदि किसी बेनर पोस्टर पर मेरा भी फोटो लगा हो तो उसे हटाने में भी संकोच मत करना।

ये शब्द है महापौर मुकेश टटवाल के, गुरुवार को उन्होंने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित एक बैठक में महापौर ने अधिकारियों से दो टूक शब्दों में कहा कि यदि ठेले गुमटी यातायात में बाधक बन रहे है तो उन्हें हटाने में गुरेज नहीं करे। छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार एवं टावर चौक, फ्रीगंज, शहीद पार्क का हवाला देकर महापौर ने कहा कि इन मार्गों पर यातायात को बाधित करने तथा सौन्दर्यकरण को नष्ट करने वाले होर्डिंग्स, फ्लेक्स, ठेले, गुमटी पर सख्ती के साथ कार्यवाही की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे लोगों को पहले चिन्हित किया जाए फिर सख्ती के साथ कार्यवाही की जाए। छत्रीचौक उद्यान शहर की प्रमुख प्राचीन धरोहर है इसके फुटपाथ पर अतिक्रमण कर उद्यान की सुंदरता भी नष्ट की जा रही है और यातायात भी प्रभावित हो रहा है छत्रीचौक उद्यान के फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त किया जाए तथा हाथ ठेले पीछे की ओर लगाए जाएं।

इसी प्रकार गोपाल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग को भी उच्च न्यायालय के आदेशानुसार अतिक्रमण से मुक्त किया जाए फिर टावर चौक पर कार्यवाही की जाए। महापौर टटवाल ने कहा कि शहर में कोई भी पोस्टर होर्डिंग्स, बगैर नगर निगम में शुल्क जमा कराएं एवं परमिशन लिए बगैर नहीं लगाए जाएं अन्यथा की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए।

होर्डिंग्स, बैनर, फ्लेक्स की विज्ञापन एजेंसियों को बुलवाकर बात की जाए एवं अवैध होर्डिंग, पोस्टर, फ्लेक्स तत्काल हटाया जाए ऐसे हार्डिंग जो अवैध रूप से लगे हैं उनमें जिन लोगों के फोटो लगे हैं उनको नोटिस देकर तत्काल कार्यवाही की जाए एवं होर्डिंग्स, बेनर, पोस्टर इत्यादि लगाने वाली विज्ञापन एजेंसियों पर भी सख्त कार्यवाही की जाएं।

महापौर टटवाल ने कहा कि यदि मेरे स्वयं के होर्डिंग, पोस्टर बगैर परमिशन के लगे हो तो मुझ पर भी वैधानिक कार्यवाही की जाए। इस बैठक में एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी, रजत मेहता, डॉ. योगेश्वरी राठौर, दुर्गा शक्ति सिंह चौधरी, सुगम बाबूलाल बघेला, पार्षद पंकज चौधरी, नगर निगम उपायुक्त चंद्रशेखर निगम, गैंग प्रभारी राजेश चौहान सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

12 व्यापारियों पर कानून का शिकंजा, एडीएम ने लगाया जुर्माना

Thu Jan 5 , 2023
मिलावटी और गैर गुणवत्ता वाला सामान रखने पर 7 लाख 80 हजार रूपए का जुर्माना लगा उज्जैन, अग्निपथ। जिले में समय-समय पर की जाने वाली खाद्य सुरक्षा की जांच के दौरान जिन व्यापारियों के यहां से लिए गए सेंपल फेल हो गए है, उन पर अब कानूनी शिकंजा कस गया […]

Breaking News