कमरी मार्ग चौड़ीकरण में आठ मकान और टूटेंगे

कलेक्टर ने ली श्री महाकाल महालोक के द्वितीय चरण के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक

उज्जैन, अग्निपथ। कमरी मार्ग चौड़ीकरण की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि यहां पर कुल आठ मकान ऐसे चिन्हित किये गये हैं, जो पूर्ण रूप से तोड़े जायेंगे। इसके अलावा कुछ दुकानें भी आधी टूटेंगी तथा पीछे की तरफ जायेंगी। कमरी मार्ग चौड़ीकरण में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से मार्ग बनाया जायेगा।

शनिवार को कलेक्टर आशीष सिंह के द्वारा श्री महाकाल महालोक के द्वितीय चरण के निर्माण कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक ली गई। उसमें यह जानकारी दी गई। बैठक में एडीएम संतोष टैगोर, नगर पालिक निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी आशीष पाठक, स्मार्ट सिटी के इंजीनियर, नगर पालिक निगम के इंजीनियर एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिये कि निर्माण कार्य स्मार्ट सिटी के द्वारा कराया जाये। मकानों के विस्थापन की कार्यवाही एफएआर की प्रक्रिया के तहत करवाई जाये। जिन आठ मकानों को तोड़ा जाना है, उन्हें या तो मुआवजा दिया जाये या अन्यत्र फ्लेट दिलवाये जायें।

एक सप्ताह में नोटिस जारी करें

कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिये कि कमरी मार्ग चौड़ीकरण में एक सप्ताह के अन्दर नोटिस जारी करें और कार्यवाही शुरू करें। उल्लेखनीय है कि कमरी मार्ग 18 मीटर चौड़ा होना प्रस्तावित है।

यह मार्ग भी होंगे चौड़े

इसके अलावा सरस्वती शिशु रोड निर्माण, बड़ा गणेश रोड निर्माण, गोवर्धन सागर अतिक्रमण और बिनोद मिल अतिक्रमण हटाने के अन्तर्गत की जाने वाली कार्यवाही की समीक्षा की गई। बताया गया कि सरस्वती शिशु मन्दिर के समानांतर मार्ग (6 से 15 मीटर, लम्बाई 250 मीटर) बनाया जाना प्रस्तावित है। इसका सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है। बड़ा गणेश मन्दिर रोड (5 से 12 मीटर, लम्बाई 190 मीटर) का भी सर्वे कार्य पूर्ण हो चुका है। यहां कुछ मकानों पर स्टे ऑर्डर है। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि स्टे ऑर्डर को छोडक़र बाकी घरों को खाली करवायें।

रुद्रसागर का जलस्तर नीचे होगा

बैठक में रूद्र सागर पैदल पुल निर्माण की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि इसका निर्माण अत्यन्त महत्वपूर्ण है, अत: रूद्र सागर के जलस्तर को एक फीट तक कम करना होगा। गोवर्धन सागर अतिक्रमण हटाने के अन्तर्गत कलेक्टर ने निर्देश दिये कि अगले सप्ताह से इसका कार्य प्रारम्भ करें। विनोद मिल अतिक्रमण हटाये जाने की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि वहां के रहने वालों के लिये किसी अन्य स्थान का चयन कर विधिवत प्लान बनाया जाये। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि श्री महाकाल महालोक में स्थित 51 दुकानों की नीलामी का कार्य शीघ्र-अतिशीघ्र प्रारम्भ किया जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

विजेता टीम ने ट्रॉफी लेने से पहले याद दिलाया विधायक का वादा

Sat Nov 5 , 2022
मेट उपलब्ध कराने की उठाई मांग तराना, अग्निपथ। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर तराना में खेल युवा कल्याण विभाग द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें तराना तहसील के 19 वर्ष से कम की बालक बालिकाओं की टीम ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में […]

Breaking News