सीहोर, अग्निपथ। थाना भेरूंदा के अंतर्गत लाडकुई में हुई चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरियादी श्याम सिंह ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12-13 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके घर की छत के टीन चद्दर हटाकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे दो भारत गैस सिलेंडर, एक पीतल की बटलोई तथा करीब 35-40 किलो वजनी पुश्तैनी पीतल का बड़ा हंडा चोरी कर लिया। चोरी गए मशरूका की कुल कीमत लगभग एक लाख सात हजार रुपये बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में लाडकुई चौकी की एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदेहियों की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही कपिल कुमार गोयल, राहुल बानवारी और शिवराज वर्मा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया संपूर्ण माल बरामद कर लिया है। इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया है।
