जागरूकता: लोग ज्यादा पहुंचने लगे, लेकिन टीके कम ही मिल रहे

बडऩगर, अग्निपथ। कोरोना की दूसरी लहर को टक्कर देने के बाद तीसरी लहर के खतरे को ध्यान में रखते हुए लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिसके चलते टीकाकरण के प्रति जो लोग उदासीन व चिंतित थे वे भी हाल – फिलहाल टीकाकरण के प्रति जागरूक हुऐ है। ऐसे में जागरूक लोग केन्द्र पर पहुंच कर टीकाकरण करवा रहे हैं। किन्तु उचित जानकारी के आभाव में लोग परेशान भी हो रहे है।

टीकाकरण केन्द्र पर टीका लगवाने पहुंच रहे लोगों ने अग्निपथ से चर्चा में बताया कि टीकाकरण के प्रति लोगो की सुध प्रशासन ने ली तो है किन्तु टीके लगवाने के लिए वर्तमान व्यवस्था में सुधार पर भी ध्यान दिये जाने की जरूरत है। टीकाकरण कब, किस दिन, कितनी बजे होगा। इसकी अधिकृत रूप से वर्तमान में कोई जानकारी न सुनने को मिल रही है न ही टीकाकरण केन्द्र पर देखने को मिल रही है।

टोकन कितने बटेंगे, कब और कैसे बटैंगे और जो लोग टोकन लेने से वंचित रह जाते है उनके लिए अगले दिन के शेड्यूल आदि के बारे में जानकारी नहीं हो पा रही है। ऐसे में व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है। क्योंकि जो व्यक्ति टोकन लेने आया उसे टोकन नहीं मिला तो वापस उसे घर लौटना पड़ रहा है और उसे न ही कोई जानकारी की अब वापस टोकन कब मिलेगा व डोज कब लगेगा।

घंटो पहले लगना पड़ता है लाइन – नहीं मिला फिर भी टोकन

सूचना के अभाव में टीकाकरण केन्द्र पर टोकन के लिए लोग घंटों पहले सेंटर पर जाकर खड़े हो जाते हैं। जिन्हे यह भी जानकारी नही होती की आज इस सेंटर पर पहला डोज लगेगा या दूसरा। कोविशील्ड लगेगा या कोवेक्सीन। या लगेगा भी नही। और जब टोकन की बारी आती है तो भागदौड़ में जिन्होंने पहले नंबर लगाया है वो पीछे हो जाता है व बाद में आने वाला आगे। वहीं किसी-किसी को तो लाइन में लगने के बाद भी टोकन नहीं मिल पाता है। मजबुर उसे व्यवस्था को कोसते हुए घर लौटना पड़ता है।

यह हाल गुरुवार को सेंट थामस स्कूल पर बनाए टीकाकरण केंद्र पर देखने को मिला। जहां अव्यवस्था के बारे में बोल बोलकर कई लोग जो टीकाकरण कराने आऐ थे बिना टोकन लिए ही घर को लोट गये। टोकन लेने आऐ लोगो में से प्रकाश नामक व्यक्ति ने बताया सुबह 8 बजे से लाइन में लगा था। तब जाकर टोकन हाथ लगे है। मेरे पहले भी लोग आकर यहां लाइन में लगे थे।

333 को टीके लगे

गुरुवार को नगर में दो स्थानों सेंट थामस स्कूल व कोर्ट परिसर पर पहला व दूसरा डोज लगाया गया। सेंट थामस स्कूल पर एएनएम लता पंवार के साथ वेरीफायर प्रवीण शर्मा, संतोष श्रीवास्तव, कमल खोईवाल ने अपनी सेवाएं दी। जहां पर 18 व 45 प्लस के लोगों को प्रथम व द्वितीय डोज के कुल 168 टीके लगे। वहीं कोर्ट परिसर पर वैक्सीन के 165 डोज लगाए गए। इस प्रकार नगर में कुल 333 से अधिक टीके लगाए गये।

खरसौद खुर्द में बुलाना पड़ी 100 डायल  सैकड़ों लोगों को मायूस लौटना पड़ा

ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का उत्साह इतना जबरदस्त है कि केंद्रों पर भीड़ उमड़ रही है। जिसके चलते वैक्सीन खत्म हो रही है। ऐसी हालत में वहां पर पुलिस द्वारा व्यवस्था बनाना पड़ रही। खरसौद खुर्द केंद्र पर के साथ ही समीपस्थ ग्राम उंटवास, पलदुना, इटावा, पलवा, किलोली, रणवा, सुनेड़ा आदि गांव के लोग टीकाकरण के लिए आते है। गुरुवार को भी सुबह से लाइन में लगे सैकड़ों लोगों ने वैक्सीन खत्म होने पर आक्रोशित होकर हंगामा कर दिया।

जिसके चलते डायल 100 को पर कॉल कर पुलिस बुलाना पड़ा। पुलिस द्वारा व्यवस्था सम्भालना पड़ी। शेष लोगों को शनिवार को केंद्र पर आने को कहा गया तब जाकर लोग का गुस्सा शांत हुआ।

उपस्वास्थ्य केंद्र खरसोद खुर्द प्रभारी सीएचओ प्रशा गुडविन ने बताया कि गुरुवार को पहले व दूसरे डोज के 150 लोगों को एएनएम सावित्री चावड़ा ने वेक्सीन लगाई। केंद्र पर पटवारी मुकुन्द कासकर, सचिव पंकज शर्मा, मधुबाई, ग्राम कोटवार सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका उपस्थित थीं।

आमजन के इन सुझावों पर जिम्मेदार दें ध्यान

  • टीकाकरण के बारे में एक दिन पूर्व नियत समय, केन्द्र व वहां पर कौन सा डोज व किस वैक्सीन का डोज लगेगा जैसी सूचनाएं अधिकृत रूप से चस्पा करें या मुनादी की जाए।
  • मुनादी भी तीन चार बार समय-समय पर की जाए। जिससे इस बारे में आम लोगों को जानकारी हो सके।
  • टीकाकरण केन्द्र पर जो भी आए उनं सभी को टोकन उसी दिन दिए जाएं, कोई खाली हाथ न जाए। टीके की उपलब्धता अनुसार टोकन बांटने के बाद शेष लोगो को अगले टर्न के लिए टोकन दिये जाएं, उन्हें बिना टोकन के वापस न भेजा जाऐ।
  • टीके की पर्याप्त संख्या सेंटरों पर उपलब्ध कराई जाय और केन्द्र की संख्या भी बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग के दल ने निजी अस्पताल के दस्तावेज जांचे

Thu Jul 8 , 2021
आगर-मालवा। बड़ौद रोड पर स्थित ईश्वर सर्जिकल हॉस्पिटल के दस्तावेंजों की जांच गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के दल ने की। कलेक्टर को हुई शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएस मालवीय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के जांच दल ने अस्पताल का […]

Breaking News