टाइम टेबल में बदलाव से बड़ी लापरवाही: बीए फाइनल के 35 छात्र परीक्षा से हुए वंचित

देवास, अग्निपथ। केपी कॉलेज में विश्वविद्यालय की एक बड़ी लापरवाही के कारण बीए फाइनल ईयर के 35 से अधिक छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। शुक्रवार 24 अप्रैल 2026 को जब छात्र परीक्षा देने कॉलेज पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उनका पेपर दो दिन पहले ही संपन्न हो चुका है। इस घटना से छात्रों में भारी रोष और निराशा व्याप्त है।

सूचना के अभाव में छूटा पेपर

जानकारी के अनुसार, इंडियन फॉरेन पॉलिसी सहित अन्य विषयों का पेपर विश्वविद्यालय द्वारा अपडेट किए गए टाइम टेबल के अनुसार 22 अप्रैल को ही आयोजित कर लिया गया था। अधिकांश छात्र फरवरी में जारी पुराने टाइम टेबल के आधार पर 24 अप्रैल को परीक्षा देने पहुंचे थे। भौंरासा की छात्रा पायल कुमावत और छात्र पीयूष बीसे ने बताया कि उन्हें समय पर बदलाव की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली। कॉलेज प्रबंधन और विश्वविद्यालय के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा अब इन विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

दोबारा परीक्षा के लिए प्राचार्य का आश्वासन

हैरानी की बात यह है कि करीब 300 छात्रों को अपडेटेड जानकारी मिल गई थी और उन्होंने 22 अप्रैल को परीक्षा दे दी, लेकिन 35 छात्र वंचित रह गए। इन छात्रों का कहना है कि परीक्षा छूटने के कारण अब उन पर सप्लीमेंट्री का बोझ आ जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए केपी कॉलेज के प्राचार्य एसपीएस राणा ने कहा कि वे इस संबंध में विश्वविद्यालय से चर्चा करेंगे और प्रभावित छात्रों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Next Post

पीथमपुर निवेश क्षेत्र परियोजना में फर्जीवाड़ा: एमपीआईडीसी इंजीनियर निलंबित

Fri Apr 24 , 2026
धार, अग्निपथ। पीथमपुर निवेश क्षेत्र योजना, जो मध्य प्रदेश औद्योगिक केंद्र विकास निगम (एमपीआईडीसी) की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है, वर्तमान में एक बड़े फर्जीवाड़े के कारण चर्चा में है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही इस योजना में भ्रष्टाचार और अनियमितता का एक […]
निलंबित, suspend, निलंबन

Breaking News