तीन हादसे-छह की मौत: इंदौर रोड पर फोटोग्राफर, तराना में पिता-पुत्र की जान गई

उज्जैन,अग्निपथ। 12 घंटे में अलग-अलग हुई दुर्घटनाओं में पिता-पुत्र सहित छह लोगों की मौत हो गई। दो घायल हो गए। पहला हादसा शुक्रवार देर रात भोपाल रोड पर हुआ। यहां टेंपो ट्रेवलर रेती भरे डंपर से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेवलर में आग लगने से उसमें सवार पिपलीनाका क्षेत्र के तीन युवक की जिंदा जल गए। वहीं त्रिवेणी ब्रिज पर ट्रक से कार टकराने से इंदौर के फोटो ग्राफर की जान चली गई और उसके दो साथी घायल हो गए। तीसरी दुर्घटना शनिवार दोपहर तराना में हुई। यहां बोरवेल मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई।

तीन दोस्तों की मौत से पिपलीनाका क्षेत्र गमगीन

महावीर नगर निवासी श्याम उर्फ गुड्डू पिता मदनलाल माली (42) शिवनारायण नामदेव पिता उमराव व तिलकेश्वर कॉलोनी का देवेंद्र उर्फ पप्पू पिता सजन गेहलोत दोस्त थे। श्याम अजीत नगर के जयदीप राठौर की टेंपो ट्रेवलर एमपी 13 टीए 4070 चलाता था।

शुक्रवार को श्याम भोपाल शादी का सामान छोडऩे गया था। दोनों भी ड्राइवर होने से उसी पार्टी की कार छोडऩे गए थे। रात करीब 1.30 बजे तीनों ट्रैवलर से लौट रहे थे। ग्राम भौरासा में रांग साइड आ रहे रेती भरे डंपर ट्रेवलर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण हुई कि ट्रेवलर ने क्षतिग्रस्त होने के बाद आग पकड़ ली। नतीजतन तीनों कैबिन में फंसने से आग की चपेट में आ गए।

सूचना पर देवास पुलिस व फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों बुरी तरह जल गए थे। पुलिस ने शव निकालकर पीएम करवाया। इधर पिपलीनाकाव तिलकेश्वर कॉलोनी में तीनों की मौत का पता चलते ही मातम छा गया। क्षेत्रवासियों ने बताया तीनों गरीब परिवार से हैं। मौत से पत्नी व बच्चों के सामने विकराल समस्या खड़ी हो गई है।

ट्रक चालक की लापरवाही ने ली फोटोग्राफर की जान

हरदा स्थित ग्राम खिरकिया निवासी जयदीप पिता हरिओम राजपूत की दो माह पहले शादी हुई थी। वह दोस्त रामगोपाल व विदिशा के लक्ष्मीनारायण प्रजापति के साथ इंदौर में रहकर फोटोग्राफी करता था। तीनों शुक्रवार को अंजुश्री होटल में शादी में वीडियो शूटिंग व फोटोग्राफी के लिए आए थे। रात करीब 3.30 बजे तीनों कार से लौट रहे थे। कार जयदीप चला रहा था।

वह त्रिवेणी ब्रिज पर पहुंचे ही थे कि आगे जा रहे ट्रक एमपी 09 जीएफ 5878 कार टकरा गई। हादसे में जयदीप की मौके पर मौत हो गई। रामगोपाल का पैर टूट गया और लक्ष्मीनारारयण को मामूली चोंट आई। उसने पुलिस को बताया कि चालक लहराते हुए ट्रक चला रहा था। जयदीप ने बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगडऩ से ट्रक से टकरा गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

बोरवेल मशीन से टकराने पर पिता-पुत्र की मौत

ग्राम बघेरा निवासी रमेश पिता बाबूलाल डाबी (35) पुत्र जीवन (15) को लेकर शनिवार अपराह्न करीब 4 बजे बाइक पर तराना से घर जा रहा था। दुबली फंटे पर सामने से आ रही बोरवेल मशीन केए 01 एमपी 2149 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सहित मशीन के नीचे आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही तराना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए तराना अस्पताल पहुंचाए। मामले में पुलिस ने बोरवेल मशीन जब्त कर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

विकास की राह में राजनीति..!

Sat Nov 28 , 2020
स्मार्ट सिटी के तहत पिछले दिनों शहर की कई प्रमुख सडक़ों को चौड़़ी करने और अत्याधुनिक करने की योजना प्रशासन ने बनाई थी। जिस पर जल्दी ही काम शुरू करने की तैयारी भी है। इस योजना का हाल ही में विरोध शुरू हो गया है। विरोध करने वाले गिनती के […]

Breaking News