नागदा जंक्शन। लैंक्सेस उद्योग के डिप्टी मैनेजर का रास्ता रोककर पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले तीन शातिर बदमाशों को बिरलाग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने न केवल आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया, बल्कि इलाके में उनका जुलूस भी निकाला ताकि अपराधियों में खौफ पैदा हो सके।
ड्यूटी जाते समय बदमाशों ने घेरा, मोबाइल पर दी जान से मारने की धमकी
फरियादी डिप्टी मैनेजर राजेश यादव (47) निवासी बीसीआई स्टाफ कॉलोनी 15 जून की सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान मेहतवास इलाके में दो युवकों ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया, जिससे वे सहम गए।
रास्ता रोकने वाले एक युवक ने खुद का नाम उमेश कल्याणे बताया और तुरंत अपने मोबाइल से दीपक कल्याणे नामक बदमाश को फोन लगा दिया। फोन पर दीपक ने राजेश यादव को बेहद आक्रामक लहजे में धमकाते हुए फौरन मिलने के लिए दबाव बनाया।
कंपनी के नाम पर वसूली का धंधा, डर के मारे देने पड़े पांच हजार
अगले दिन दोनों बदमाशों ने फिर से मैनेजर का रास्ता रोका और दोपहर में सी ब्लॉक के मोड़ पर मिलने के लिए मजबूर किया। वहां पहुंचने पर दीपक और उमेश ने खुद को इलाके का दादा बताते हुए कहा कि कंपनी के कई लोग उन्हें नियमित हफ्ता देते हैं।
बदमाशों ने मैनेजर से सीधे पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी, जिससे घबराकर राजेश यादव ने जेब में रखे पांच हजार रुपए नगद उन्हें थमा दिए। बदमाशों ने धमकी दी कि अगर बाकी रकम दो दिन में नहीं मिली, तो वे उनके हाथ-पैर तोड़कर उन्हें जान से मार डालेंगे।
बिरलाग्राम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सलाखों के पीछे पहुंचे आदतन अपराधी
मैनेजर की शिकायत पर बिरलाग्राम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उमेश कल्याणे (28), दीपक कल्याणे (34) और संदीप राठौड़ (30) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें उमेश के खिलाफ आठ, दीपक के विरुद्ध पांच और संदीप के खिलाफ दो मामले पहले से दर्ज हैं। इन शातिर अपराधियों को पकड़ने में कार्यवाहक टीआई जितेंद्र पाटीदार और उनकी पूरी टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।