भगवान महाकाल की पहली सवारी आज, मुख्यमंत्री होंगे शामिल

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी करेंगी पूजा अर्चना, व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर सहित अधिकारियों का दल मंदिर पहुंचा

उज्जैन, अग्निपथ। रविवार से श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण मास का उत्सव शुरू हो चुका है। सोमवार को श्रावण के पहले सोमवार पर भगवान महाकाल की पहली सवारी रजत पालकी में ठाठ बाट के साथ छोटे मार्ग से होते हुए निकलेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूजन-अर्चन में में शामिल होंगे और पालकी को कंधा देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती प्रतिवर्ष की ही तरह इस वर्ष भी प्रति सोमवार अभिषेक पूजन के लिए आएंगी।

इस वर्ष भगवान महाकाल की सावन-भादौ मास की 7 सवारियां निकाली जानी है। सावन माह की पहली सवारी आज 26 जुलाई को निकाली जाएगी। जिसमें शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ शामिल होंगे। सुबह 10 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर से रवाना होकर सुबह 11 बजे पर उज्जैन हेलीपैड पर पहुंचेंगे और महाकालेश्वर मंदिर में बारिश की कामना को लेकर आयोजित महारुद्र यज्ञ में भी शामिल होंगे।

इसके बाद सभा मंडप में पालकी निकालने के दौरान पालकी को उनके द्वारा कंधा दिया जाएगा। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान महाकाल के दर्शन को आएंगी। हालांकि वह भगवान महाकाल की सवारी में शामिल तो नहीं होंगी, लेकिन सुबह 830 बजे उनका महाकाल आगमन होगा और वह गर्भ गृह में जाकर भगवान महाकाल का पूजन अभिषेक करेंगी।

मार्गो को आकर्षक सजाया

भगवान महाकाल की सावन मास की पहली सवारी आज निकाली जाएगी। सवारी को छोटे रूट बड़ा गणपति, नृसिंह घाट, रामघाट और वापसी में हरसिद्धि की पाल, हरसिद्धि मंदिर, बड़ा गणपति होते हुए पालकी महाकाल मंदिर में प्रवेश करेगी। पूरे सवारी मार्ग को भगवा ध्वज, रंग बिरंगी छतरियोंं से सजाया गया है। मार्ग में जगह-जगह रंग बिरंगी आतिशबाजी भी की जाएगी।

महाकाल-हरसिद्धि का होगा मिलन

आज शाम 4 बजे पालकी धूमधाम के साथ नगर भ्रमण को निकलेगी। भगवान मनमहेश श्रद्धालुओं को ऑनलाइन दर्शन देंगे। वापसी के दौरान सवारी जब हरसिद्धि मंदिर के सामने पहुंचेगी तो यहां पर जोरदार आतिशबाजी का कार्यक्रम देखने को मिलेगा। भगवान के मिलन को साक्षी बनाने के लिए आकर्षक रंगोली भी सजाई जाएगी।

भगवान की पालकी की अगवानी के लिए जोरदार आतिशबाजी हरसिद्धि मंदिर के पुजारियों द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही माता को सुहाग सामग्री भेंट कर महाकाल-हरसिद्धि का मिलन कराया जाएगा। इसके बाद सवारी अपने गंतव्य की ओर रवाना होगी।

सावन में महाकाल दर्शन समय दो घण्टे बढ़ाया

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि श्रावण एवं भादौ मास में प्रीबुकिंग से सामान्य दर्शन का समय दो घण्टे बढ़ा दिया गया है। अब श्रावण में सोमवार को छोडक़र प्रात: 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक प्री बुकिंग से भगवान महाकाल के दर्शन एवम विशेष दर्शन हो सकेंगे। श्रावण में प्रत्येक सोमवार को सुबह 5 से 11 बजे तक एवं शाम 7 से रात 9 बजे तक प्रीबुकिंग से दर्शन होंगे। इस अवधि में 250 रुपये वाले विशेष दर्शन भी बन्द रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ट्रैफिक डीएसपी ने राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए छिपाया गबन का केस

Sun Jul 25 , 2021
पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप प्रभारी रहते हुए हुई थी धांधली उज्जैन, (ललित जैन) अग्निपथ। ट्रैफिक डीएसपी सुरेंद्रपालसिंह राठौर को 15 अगस्त को मिलने वाला राष्ट्रपति पुरस्कार खटाई में पड़ सकता है। वजह मंदसौर में उन पर चल रहा गबन का केस है। दावा किया जा रहा है कि डीएसपी राठौर […]

Breaking News