भोपाल : 63 साल के डॉक्टर ने की खुदकुशी, वायर से फांसी नहीं लगा सके तो पालतू कुत्ते की रस्सी का फंदा बनाया, वॉट्सएप किया- खून का थक्का जम रहा है

भोपाल। यहां के जेपी अस्पताल के कैंपस में ही रह रहे एक डॉक्टर ने शनिवार सुबह फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पहले उन्होंने वायर से फंदा बनाया, लेकिन नाकाम होने पर उन्होंने डॉग की रस्सी से फांसी लगा ली। डॉक्टर की पहचान एचएल भूरिया के रूप में हुई। वे पैथॉलोजी लैब में पदस्थ थे। हालांकि, सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही हबीबगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस के अनुसार सागर के रहने वाले 63 साल के डॉक्टर एचएल भूरिया जेपी अस्पताल की पैथॉलोजी में पदस्थ थे। वे यहां पर अकेले ही रह रहे थे। शनिवार सुबह 7 बजे घर पर खाना बनाने वाला लड़का पहुंचा, तो भूरिया फंदे पर लटके मिले। डॉक्टर की पत्नी सरोज भूरिया सागर जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ है। डॉक्टर भूरिया भी पहले सागर में पदस्थ रहे हैं। सागर से उनका पहले खुरई और फिर भोपाल ट्रांसफर हुआ था। लगातार ट्रांसफर के कारण उनकी पैथोलॉजी लैब भी बंद हो गई थी। ट्रांसफर के कारण परेशानी की बात भी सामने आ रही है।

सुसाइड से पहले वॉट्सएप मैसेज किया
भूरिया के करीबियों ने बताया कि डॉक्टर भूरिया ने सुबह 3.47 बजे अपने पैथालॉजी के वॉट्सएप ग्रुप में मैसेज किया। इसमें उन्होंने लिखा कि खून का थक्का जम रहा है। हालांकि, यह मैसेज किसने देखा यह पता नहीं चल पाया। सुबह जब पुलिस पहुंची तो वे फंदे पर मिले। एक तार सीलिंग फेन पर बंधा था, जबकि उसी के बाजू से डॉग को बांधने वाली रस्सी का फंदा था। भूरिया ने उसी से फांसी लगाई थी।

हाथ की नस काटने की बात गलत निकली
लोगों ने पुलिस को बताया था कि डॉक्टर भूरिया ने हाथ की नस भी काट ली थी। पुलिस ने हाथ की नस काटने जाने की बात से इनकार कर दिया। पुलिस ने उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने सागर में उनकी पत्नी को भी घटना की सूचना दे दी है। पुलिस सुसाइड के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस अस्पताल में उनके साथ करने वाले कर्मचारियों से भी बात कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

CM इंदौर पहुंचे: तीसरी लहर के पहले इंदौर की तैयारियों के हर पहलू को बारीकी से समझा

Sat Jul 3 , 2021
इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर करीब 2:45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरे। यहां से वे सबसे पहले एआईसीटीएसएल दफ्तर में कोविड की समीक्षा करने पहुंचे। यहां निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने उनसे साथ चलते हुए स्मार्ट सिटी को लेकर बात की। इसके बाद समीक्षा बैठक में सीएम ने संभावित […]

Breaking News