उज्जैन, अग्निपथ। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वामी इंद्रदेव महाराज को महामंडलेश्वर पद से निष्कासित कर दिया है। उज्जैन के भूखी माता मंदिर मार्ग पर आश्रम और गोशाला का निर्माण करा रहे स्वामी इंद्रदेव पर मुंबई की एक महिला ने यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला दर्ज कराया था। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी ने इस निष्कासन की आधिकारिक पुष्टि की है।
श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी ने स्पष्ट किया कि आरोपों की गंभीरता और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अखाड़े ने यह कड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अखाड़े की ओर से स्वामी इंद्रदेव को महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई थी, किंतु पद ग्रहण करने के बाद से ही वे अखाड़े के किसी भी धार्मिक, सामाजिक अथवा अन्य आयोजनों में सहभागिता नहीं कर रहे थे।
एफआईआर के बाद ही मिल गए थे कार्रवाई के संकेत
लगभग एक सप्ताह पूर्व उज्जैन प्रवास के दौरान श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी को स्वामी इंद्रदेव के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिली थी। उसी समय उन्होंने संकेत दे दिए थे कि अखाड़े के पंचों की बैठक बुलाकर इस विषय पर ठोस फैसला लिया जाएगा। अब अखाड़े ने उन्हें पदमुक्त कर बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
सोशल मीडिया पर प्रवचन देखकर संपर्क में आई थी पीड़िता
पुलिस को दी गई शिकायत में मुंबई निवासी महिला ने उल्लेख किया है कि वह पारिवारिक कलह के निवारण और घर में सुख-शांति के उद्देश्य से धार्मिक प्रवचन सुनती थी। जनवरी 2023 में उसने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर ‘संत इंद्रदेव’ नामक पेज पर सत्संग के वीडियो देखे। इसके पश्चात टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले सत्संग के दौरान स्क्रीन पर दिए गए मोबाइल नंबर के माध्यम से उसने संपर्क साधा।
महिला के अनुसार, उसे मुंबई के सांताक्रुज पूर्व क्षेत्र में आयोजित सात दिवसीय सत्संग की सूचना प्राप्त हुई। 12 अप्रैल 2023 को वह अपनी छोटी बेटी के साथ इस धार्मिक आयोजन में सम्मिलित हुई और अगले ही दिन स्वामी इंद्रदेव से गुरु दीक्षा लेकर अपने घर लौट गई।
वीडियो कॉल पर अश्लीलता और धमकी देने के गंभीर आरोप
शिकायत में महिला ने आगे बताया कि 8 दिसंबर 2023 को वह पुनः एक सत्संग में शामिल हुई और स्वामी इंद्रदेव के समक्ष अपनी निजी समस्याएं रखीं। आरोप है कि इस दौरान इंद्रदेव ने सहायता का आश्वासन देकर उसे निरंतर संपर्क में बने रहने और सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद स्वामी इंद्रदेव उसे फोन और वीडियो कॉल करने लगे तथा वीडियो कॉल पर अश्लील वार्तालाप करते हुए कपड़े उतारने जैसी हरकतें कीं। इसके अतिरिक्त वृंदावन स्थित आश्रम में बलपूर्वक शारीरिक संबंध बनाने और इस घटनाक्रम से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग को नष्ट करने के लिए धमकाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस द्वारा यौन उत्पीड़न का प्रकरण दर्ज किए जाने के बाद से ही पीड़िता अखाड़ा परिषद से इंद्रदेव को महामंडलेश्वर पद से हटाने की निरंतर मांग कर रही थी।
