उज्जैन, अग्निपथ। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की नवीन कृषि अध्ययनशाला की बिल्डिंग में सोमवार तड़के अज्ञात शरारती तत्वों ने तंत्र-मंत्र और टोना-टोटका कर दहशत फैलाने की कोशिश की। बदमाशों ने अध्ययनशाला के मुख्य गेट के पास स्थित दीवार पर कुंकू से “तुम सब मरोगे” लिख दिया। सुबह जब यह नजारा देखा गया, तो शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में हड़कंप मच गया।
मटकी और लाल कपड़े से फैलाई सनसनी
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार सुबह जब चौकीदार आशीष बोरिंग चालू करने पहुंचा, तो उसने मेन चैनल गेट के सामने एक मटकी, लाल कपड़ा और आसपास बिखरा हुआ कुंकू देखा। पास ही दीवार पर डरावनी चेतावनी लिखी हुई थी। चौकीदार ने बताया कि रात 2 बजे तक स्टाफ जाग रहा था, संभवतः उसके बाद ही शरारती तत्वों ने इस हरकत को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सीसीटीवी न होने से जांच में उलझन
कृषि अध्ययनशाला की इस नई बिल्डिंग में करीब 10 दिन पहले ही कक्षाएं शुरू हुई हैं, जहाँ लगभग 1100 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कैंपस के बाहर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण बदमाशों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। विभाग के कर्मचारियों ने फिलहाल दीवार की पुताई कर उस पर लिखे शब्दों को मिटा दिया है और वहां रखी सामग्री को हटवाया गया है।
पुलिस को दी गई सूचना
विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टेलर ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा यह घिनौनी हरकत की गई है। विद्यार्थियों और स्टाफ में व्याप्त डर को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। घटना की आधिकारिक सूचना पुलिस को दे दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और दोषियों का पता लगाया जा सके।
