तराना, अग्निपथ। तराना नगर के प्रतिष्ठित सांदीपनि विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं में प्रवेश की औपचारिक प्रक्रिया 16 अप्रैल से प्रारंभ हो गई है। विद्यालय के प्राचार्य दिग्विजय सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही आगामी कक्षा में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों की कतारें लग गई हैं। प्रवेश के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 अप्रैल निर्धारित की गई है।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
प्रवेश के इच्छुक उत्तीर्ण विद्यार्थी विद्यालयीन समय में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन के साथ विद्यार्थियों को अपनी ऑनलाइन प्राप्त अंकसूची की छायाप्रति, पहचान पत्र के रूप में आवश्यक दस्तावेज एवं समग्र आईडी की कॉपी संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि आवेदन पत्र के साथ अन्य आवश्यक दस्तावेजों को पूर्ण कर 28 अप्रैल तक संस्था में जमा कराना सुनिश्चित करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय सीमा में पूर्ण की जा सके।
कैचमेंट क्षेत्र को मिलेगी प्राथमिकता
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में कैचमेंट क्षेत्र (निकटवर्ती क्षेत्र) में निवासरत विद्यार्थियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। प्राचार्य चौहान ने बताया कि विद्यालय में प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से 4:00 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। यदि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो चयन का आधार विद्यालय से विद्यार्थी के निवास स्थान की दूरी होगी।
दूरी के आधार पर होगा चयन
प्रवेश नीति को पारदर्शी बनाते हुए यह निर्णय लिया गया है कि रिक्त स्थानों पर सबसे पहले उन विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनका निवास स्थान विद्यालय के सबसे समीप है। इसके पश्चात यदि स्थान रिक्त रहते हैं, तो क्रमशः दूरी के बढ़ते क्रम में अन्य विद्यार्थियों को अवसर प्रदान किया जाएगा। इस नियम से स्थानीय और कैचमेंट क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यालय प्रबंधन ने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
